मधुबनी: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम आनंद शर्मा सख्त

Updated:
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल डीएम आनंद शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी

Madhubani News: मधुबनी में डीएम आनंद शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ओपीडी, पल्स पोलियो अभियान की तैयारी और आशा व जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया. जानिए खबर विस्तार से...

विज्ञापन

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

Madhubani News: डीएम आनंद शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ओपीडी सुनिश्चित करने का निर्देश

समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि सदर अस्पताल सहित जिले के सभी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और ओपीडी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके. साथ ही अनावश्यक रेफरल कम करने और जिला स्तर पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा

डीएम ने 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने, सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.

लंबित भुगतान जल्द पूरा करने का निर्देश

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं और जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान की भी समीक्षा की गई. डीएम ने लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लाभार्थियों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर राशि मिल सके.

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

बैठक में अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, डीएमओ दया शंकर सिंह, डीपीएम पंकज कुमार, डीपीओ आईसीडीएस, जिला स्वास्थ्य समिति के सलाहकार, सभी स्वास्थ्य अधीक्षक, उपाधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अस्पताल प्रबंधक एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मौजूद रहे.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन