मधुबनी: डीएम ने जनसंवाद में सीधे सुनीं लोगों की समस्याएं, भूमि विवाद से लेकर स्वास्थ्य सेवा तक के आए मामले

Updated:
विज्ञापन

लोगों से संवाद करते डीएम | Prabhat Khabar Network

मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने 'सेवा-संवाद-समाधान' कार्यक्रम के तहत आम जनता से सीधा संवाद किया. लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर DM ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.

विज्ञापन

मधुबनी डीएम: समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम में आमजनों से सीधे संवाद किया. इस दौरान जिले के अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवा, नियुक्ति समेत कई समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं. जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार और समयबद्ध समाधान का निर्देश दिया.

इंजरी रिपोर्ट में गड़बड़ी की शिकायत

जनसंवाद के दौरान अंधराठाढ़ी प्रखंड के लाल मोहम्मद ने रेफरल अस्पताल, अंधराठाढ़ी की ओर से जारी इंजरी रिपोर्ट में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत की. उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की.

वहीं, झंझारपुर अंचल के मिर्जापुर निवासी अमरनाथ झा ने परिमार्जन में सुधार कराने के लिए आवेदन दिया. बरैल, पोस्ट-तेघरा, थाना बाबूबरही निवासी राजकुमार सिंह ने अतिक्रमण हटाने के संबंध में अपनी शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी.

अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश

डीएम आनंद शर्मा ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. शिकायतों की गंभीरता से जांच कर पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.

प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सेवा-संवाद-समाधान’ अनुश्रवण प्रणाली का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है. इसके माध्यम से नागरिकों को सम्मानपूर्वक और सहज तरीके से सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी अपने कार्यालय कक्षों में मौजूद रहे और आमजनों की समस्याएं सुनीं. संबंधित मामलों में आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

प्रत्येक माह दो मंगलवार को सहयोग शिविर

डीएम ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के तहत प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है. शिविर में प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया ऑनलाइन है और सभी मामलों का निर्धारित अवधि के भीतर निष्पादन किया जाना है.

उन्होंने बताया कि आमजन अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर घर बैठे सहयोग शिविर आरटीएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं. इससे लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

यह भी पढे़ं: 12 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर होगा खास आयोजन


विज्ञापन
Awadesh Kumar Das

लेखक के बारे में

By Awadesh Kumar Das

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन