मधुबनी में शराबबंदी को लेकर 95 जगह छापेमारी, पांच तस्कर-पांच शराबी गिरफ्तार, ड्रोन से 405 किलो लहन नष्ट
सांकेतिक तस्वीर
मधुबनी में शराबबंदी को सफल बनाने के लिए उत्पाद विभाग ने 95 जगहों पर छापेमारी कर 5 शराब तस्करों और 5 शराबी को गिरफ्तार किया है. ड्रोन की मदद से 405 किलो अवैध लहन को नष्ट किया गया. यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Madhubani News: मधुबनी. जिले में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए उत्पाद विभाग ने रविवार को सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान जिले के 95 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच शराब तस्करों और पांच शराबियों को गिरफ्तार किया गया. तस्करों के कब्जे से 42 लीटर देशी शराब बरामद हुई, जबकि शराब तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई. वहीं ड्रोन की मदद से अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 405 किलोग्राम तैयार किए जा रहे अवैध लहन को नष्ट किया गया.
95 स्थानों पर उत्पाद विभाग ने की छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक विजय कांत ठाकुर ने बताया कि शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन को लेकर जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर छापेमारी की गई. अभियान के दौरान शराब तस्करी और शराब सेवन के मामलों में कार्रवाई की गई.
छापेमारी के दौरान पांच शराब तस्करों और पांच शराबियों को गिरफ्तार किया गया. तस्करों के पास से 42 लीटर देशी शराब बरामद की गई. इसके अलावा शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक को भी जब्त किया गया.
ड्रोन की मदद से अवैध शराब निर्माण का खुलासा
उत्पाद विभाग ने अभियान के दौरान ड्रोन टीम की तकनीकी सहायता से अवैध शराब निर्माण वाले संभावित ठिकानों की निगरानी की. ड्रोन से की गई निगरानी में खिरहर थाना क्षेत्र के हिसार और बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर में अवैध देशी शराब तैयार किए जाने की गतिविधि का पता चला.
इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमारी कर कार्रवाई की.
405 किलो अवैध लहन निर्माण से पहले ही नष्ट
उत्पाद विभाग की टीम ने हिसार और दामोदरपुर में कार्रवाई करते हुए शराब निर्माण के लिए तैयार किए जा रहे करीब 405 किलोग्राम अवैध लहन को नष्ट कर दिया. विभाग के अनुसार शराब तैयार होने से पहले ही कार्रवाई कर अवैध निर्माण और संभावित आपूर्ति पर रोक लगाने में सफलता मिली.
ड्रोन निगरानी से संवेदनशील और दुर्गम इलाकों में छिपकर चलाए जा रहे अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों का पता लगाने में विभाग को मदद मिल रही है.
शराब तस्करों में मचा हड़कंप, अभियान रहेगा जारी
जिलेभर में एक साथ चलाए गए सघन अभियान के बाद शराब तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
विशेष रूप से ग्रामीण और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी सदर प्रखंड छह माह से प्रभार में, स्थायी बीडीओ की पदस्थापना का इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










