थाने में लगा रहे थे गुहार, तभी बेटे के मिलने की आई खुशखबरी

Published by : Shruti Kumari Updated At : 10 Jun 2026 3:33 PM

विज्ञापन

थाना के बाहर किशोर के परिजन

Lakhisarai Teen Missing Case: बुधवार को सूर्यगढ़ा थाना पहुंचे परिजन और ग्रामीण लापता किशोर की बरामदगी की गुहार लगा रहे थे. इसी दौरान किशोर गणेश कुमार ने स्वयं अपने पिता के मोबाइल पर फोन कर अपनी मौजूदगी की जानकारी दी.

विज्ञापन

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश गुप्ता की रिपोर्ट:

Lakhisarai Teen Missing Case: जिस बेटे की तलाश में परिवार पिछले 10 दिनों से दर-दर भटक रहा था, उसकी सकुशल बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े. बुधवार को सूर्यगढ़ा थाना पहुंचे परिजन और ग्रामीण लापता किशोर की बरामदगी की गुहार लगा रहे थे. इसी दौरान किशोर गणेश कुमार ने स्वयं अपने पिता के मोबाइल पर फोन कर अपनी मौजूदगी की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पंचायत स्थित रतनुपुर गांव से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया.

जानकारी के अनुसार सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी सुनील यादव का 16 वर्षीय पुत्र गणेश कुमार एक जून 2026 से लापता था. पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. इसी बीच एक अज्ञात नंबर से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने की सूचना सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया था. परिजन किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित थे, जबकि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी.

फिरौती कॉल की जांच में बक्सर पहुंची पुलिस

पुलिस जांच के दौरान जिस नंबर से कथित रूप से फिरौती मांगे जाने की बात सामने आई थी, उसे ट्रेस करते हुए बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र तक पहुंची. जांच में पता चला कि उक्त कॉल एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया था. उसने फिरौती नहीं बल्कि 200 रुपये की मांग की थी. सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि फिरौती मांगने की बात जांच में निराधार साबित हुई है.

काम की तलाश में सीतामढ़ी चला गया था किशोर

बरामदगी के बाद पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था और काम की तलाश में किऊल से ट्रेन पकड़कर सीतामढ़ी पहुंच गया. वहां उसकी मुलाकात सूर्यगढ़ा क्षेत्र के रतनुपुर गांव के एक परिचित व्यक्ति से हुई, जिसके साथ वह काम करने लगा. बाद में उसी व्यक्ति के साथ वह रतनुपुर लौट आया और पिछले तीन दिनों से वहीं रह रहा था.

थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत उसका बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा गया है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

दो किशोरों से भी की गई थी पूछताछ

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लक्ष्मीपुर गांव के ही दो किशोरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. सीसीटीवी फुटेज में दोनों किशोर लापता गणेश कुमार के साथ दिखाई दिए थे. किशोर की सकुशल बरामदगी के बाद उनके परिजनों ने भी राहत की सांस ली है.

गणेश कुमार के सुरक्षित मिलने की खबर से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. पिछले 10 दिनों से अपहरण की आशंका और तरह-तरह की चर्चाओं से परेशान परिजन अब राहत महसूस कर रहे हैं.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन