विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण से होता व्यवारिक ज्ञान

जिले के दिघलबैंक प्रखंड के मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर तालगाछ व उत्क्रमित मध्य विद्यालय फूलबाड़ी के विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के अंतर्गत पड़ोसी जिला अररिया के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया
किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड के मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर तालगाछ व उत्क्रमित मध्य विद्यालय फूलबाड़ी के विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के अंतर्गत पड़ोसी जिला अररिया के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया. इस शैक्षणिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और सामाजिक ज्ञान से भी अवगत कराना था, ताकि वे अपने आसपास के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों के बारे में प्रत्यक्ष रूप से जानकारी प्राप्त कर सकें. इस अवसर पर मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर तालगाछ के प्रधानाध्यापक अंजार आलम ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षणिक परिभ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इससे बच्चों को व्यवारिक ज्ञान होता है. बच्चों को नए स्थानों को देखने, समझने और सीखने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी सोच और ज्ञान का दायरा बढ़ता है. परिभ्रमण के दौरान बच्चों को अररिया जिले के कुसियार गांव स्थित पार्क सहित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया. वहां बच्चों ने प्रकृति की सुंदरता का आनंद लिया और विभिन्न स्थानों के बारे में शिक्षकों से जानकारी प्राप्त की. इस दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने यात्रा का भरपूर आनंद लिया. कार्यक्रम में शिक्षक विनोद मोहन यादव, प्रभाकर यादव, अख्तर हुसैन, माईकल हासदा, नैयर आलम तथा शिक्षिका साक्षी कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थे. सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी. इस शैक्षणिक यात्रा में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




