प्लस टू विद्यालय का भवन वर्षों से अधूरा, पठन-पाठन प्रभावित

प्लस टू विद्यालय का भवन वर्षों से अधूरा, पठन-पाठन प्रभावित
टेढ़ागाछ. प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू विद्यालय टेढ़ागाछ का अपना भवन पिछले कई वर्षों से निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण अधूरा पड़ा है. भवन की इस बदहाली की वजह से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पढ़ाई लिखाई में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पर्याप्त कमरों के अभाव में न केवल शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है.
एक ही कमरे में बैठती हैं कई कक्षाएं, शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा असर
विद्यालय में कमरों की भारी कमी है, जिसके कारण शिक्षकों को मजबूरी में एक ही कमरे में अलग-अलग कक्षाओं के छात्रों को बैठाकर पढ़ाना पड़ता है. इससे विद्यार्थियों का ध्यान भटकता है व पढ़ाई की गुणवत्ता गिर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रों की संख्या तो लगातार बढ़ रही है, लेकिन उस अनुपात में आधारभूत सुविधाओं का विकास शून्य है. अधूरे भवन में अभी तक प्लास्टर, फर्श, खिड़की व दरवाजों का काम भी नहीं हो सका है, जिससे बारिश या खराब मौसम के दौरान स्थिति और भी दयनीय हो जाती है.
विभाग को लिखा गया पत्र, कार्रवाई का इंतजार
इस गंभीर समस्या को लेकर प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यालय भवन के अधूरे निर्माण के संबंध में संबंधित विभाग को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है. उन्होंने उम्मीद जतायी है कि विभाग जल्द ही सकारात्मक पहल करेगा व निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाएगा. हालांकि, लंबे समय से आश्वासन मिलने के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है.
बने सुदृढ़ व व्यवस्थित विद्यालय भवन की मांग
विद्यालय के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे. वहीं, स्थानीय अभिभावकों ने भी बच्चों के बेहतर भविष्य की खातिर प्रशासन से सुदृढ़ व व्यवस्थित विद्यालय भवन सुनिश्चित करने की पुरजोर अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




