रामपुर चेकपोस्ट पर जेसीबी टायर से 218 लीटर विदेशी शराब बरामद

रामपुर चेकपोस्ट पर जेसीबी टायर से 218 लीटर विदेशी शराब बरामद
उत्पाद विभाग ने पिकअप वैन समेत दो तस्करों को दबोचा, बंगाल से खगड़िया भेजी जा रही थी खेप
गुप्त सूचना पर अवर निरीक्षक कुंज बिहारी सिंह की टीम ने की बड़ी कार्रवाई
किशनगंज. बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. इसी कड़ी में किशनगंज उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के एक नायाब तरीके का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने रामपुर चेकपोस्ट पर एक पिकअप वैन से 218 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, जिसे बेहद शातिराना तरीके से जेसीबी के टायरों के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था.
जांच के दौरान खुली पोल, खगड़िया जा रही थी खेप
अवर निरीक्षक कुंज बिहारी सिंह व सहायक निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया. प्रथम दृष्टया वैन में जेसीबी के टायर लदे हुए थे, लेकिन जब गहन तलाशी ली गयी, तो टायरों के भीतर भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें मिलीं. मौके से दो तस्करों, मुंशी कुमार और गोलू कुमार को गिरफ्तार किया गया. तस्करों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को पश्चिम बंगाल से लोड कर खगड़िया जिला ले जा रहे थे.
मेडिकल जांच के बाद भेजे गए जेल
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब व पिकअप वैन को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार दोनों तस्करों के विरुद्ध कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया. मेडिकल जांच के उपरांत दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शराब तस्कर चाहे कितने भी नए तरीके अपना लें, कानून की नजरों से बच नहीं पाएंगे. विभाग ने आने वाले दिनों में तस्करी व पियक्कड़ों के विरुद्ध अभियान को और तेज करने की बात कही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




