स्वास्थ्यकर्मियों को दिया ''गार्डासिल'' वैक्सीन का प्रशिक्षण

स्वास्थ्यकर्मियों को दिया 'गार्डासिल' वैक्सीन का प्रशिक्षण
महिलाओं व किशोरियों को जानलेवा बीमारी से बचाएगा एचपीवी टीका, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष अभियान
सिविल सर्जन बोले- समय पर टीकाकरण से भविष्य में कैंसर के खतरे को किया जा सकता है कम
किशनगंज. महिलाओं में होने वाले कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के लिए किशनगंज स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है. इसी कड़ी में जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोठिया में गार्डासिल (एचपीवी) वैक्सीन को लेकर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराना है, ताकि वे समुदाय स्तर पर सही जानकारी पहुंचा सकें.
गार्डासिल (एचपीवी) वैक्सीन, एक जीवनरक्षक कवच
प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि मानव पैपिलोमा वायरस संक्रमण ही आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण बनता है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शाहिद रजा अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस सत्र में स्वास्थ्यकर्मियों को विस्तार से जानकारी दी गयी. यह वैक्सीन संक्रमण को रोकने में अत्यंत प्रभावी है. टीकाकरण के सही समय और खुराक की वैज्ञानिक जानकारी दी गयी. आशा व अन्य स्वास्थ्यकर्मी अब क्षेत्र में जाकर किशोरियों और महिलाओं को इस टीके के महत्व के बारे में समझाएंगे.
कहते हैं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी
जिला व ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने इस अभियान को महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए मील का पत्थर बताया है. सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है. समय पर जांच व टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी को पूरी तरह रोका जा सकता है. जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवेंद्र कुमार ने बताया कि किशोरियों को कम उम्र में यह टीका लगाने से भविष्य में कैंसर का खतरा न्यूनतम हो जाता है. स्वास्थ्यकर्मियों को भ्रांतियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शाहिद रजा अंसारी ने बताया कि प्रशिक्षित कर्मी अब क्षेत्र में जाकर वैक्सीन के वैज्ञानिक पहलुओं व फायदों से लोगों को रूबरू कराएंगे. प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में गार्डासिल वैक्सीन के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेंगे. विभाग का लक्ष्य है कि जिले की हर किशोरी व महिला तक इस वैक्सीन की पहुंच व जानकारी सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




