मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

धर्मराज कुमार और नौरंगा की भाग्यश्री ने 462 अंक प्राप्त कर क्षेत्र में शीर्ष स्थान हासिल किया.
परबत्ता. नगर पंचायत अंतर्गत तेमथा राका स्थित एक शिक्षण संस्थान के प्रांगण में मैट्रिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक बाबूलाल शौर्य उपस्थित रहे. इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत कुमार साह, केएमडी कॉलेज परबत्ता के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार, प्लस टू उच्च विद्यालय कन्हैयाचक के प्रधानाचार्य आर.के. पंडित, संस्थान के संचालक गौतम कुमार एवं कृष्णकांत झा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. इस अवसर पर विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया. करना गांव के धर्मराज कुमार और नौरंगा की भाग्यश्री ने 462 अंक प्राप्त कर क्षेत्र में शीर्ष स्थान हासिल किया. वहीं लव कुमार (460 अंक), अभिनव आनंद (453 अंक), सजल कुमार (435 अंक), नवनीत कुमार (436 अंक), कोमल कुमारी (443 अंक) और जुली कुमारी (439 अंक) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का संचालन गौतम कुमार एवं कृष्णकांत झा द्वारा किया गया. इस दौरान सभी मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो, मेडल एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, गर्व और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला. यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए भी गौरव का क्षण बन गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




