रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा लोगों का घर-आंगन

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Oct 2017 1:28 PM

विज्ञापन

ग्राहकों से बाजार दिन भर रहे गुलजार, देर शाम तक होती रही खरीदारी कटिहार : जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली व काली पूजा को लेकर बुधवार को चहल-पहल देखते बन रही थी. गुरुवार को दीपावली मनाने की तैयारी को अंतिम रूप देने में लोग जुटे रहे. इसी दिन मध्यरात्रि के बाद मां […]

विज्ञापन
ग्राहकों से बाजार दिन भर रहे गुलजार, देर शाम तक होती रही खरीदारी
कटिहार : जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली व काली पूजा को लेकर बुधवार को चहल-पहल देखते बन रही थी. गुरुवार को दीपावली मनाने की तैयारी को अंतिम रूप देने में लोग जुटे रहे. इसी दिन मध्यरात्रि के बाद मां काली की पूजा-अर्चना व दर्शन के लिए पट खुल जायेगा. दीपावली एवं काली पूजा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है.
बुधवार को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में अत्यधिक भीड़ रही. शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख बाजारों में खरीदारी को लेकर भीड़ लगी रही. दीपावली एक ऐसा त्योहार है, जो सीधे तौर पर स्वच्छता एवं प्रकाश का संदेश देता है. पिछले एक पखवारे से लोग अपने-अपने घरों की साफ सफाई करने में जुटे हुए थे. साथ ही घरों को आकर्षक तरीके से सजाया-संवारा गया है. दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा भी होती है. लोग अपने यहां माल मवेशी की पूजा अर्चना करते है. वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है. साथ ही इसी दिन मां काली की पूजा अर्चना की जाती है. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मां काली की पूजा अर्चना को लेकर भव्य पंडाल बनाये गये हैं तथा मेले का भी आयोजन किया जाना है.
गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति की खूब हुई खरीदारी : दीपावली को लेकर बुधवार को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजार में अत्यधिक चहल-पहल रही. दीपावली के दिन होने वाले लक्ष्मी व गणेश पूजा को लेकर लोग गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति खरीदारी करते रहे
पूजा अनुष्ठान से जुड़े सामग्री के साथ-साथ लोग अन्य कई तरह के सामग्री की भी खरीदारी करते रहे. खास घर सजावट की सामग्री की खरीदारी में लोगों की काफी दिलचस्पी ले रहे है. शहर के मंगल बाज़ार, फलपट्टी, श्यामा टॉकीज रोड, न्यू मार्केट रोड, एमजी रोड, शहीद चौक, बड़ा बाज़ार, मिरचाईबाड़ी आदि क्षेत्र के सभी बाजारों में खरीदारी को लेकर उमड़ी भीड़ की वजह से जाम की स्थिति बनी रही. कई बाजारों एवं चौक चौराहा पर सुरक्षा कर्मी तैनात किये गये है.
घर को सजाने संवारने में जुटे रहे लोग : दीपावली को लेकर लोग एवं व्यवसायी अपने-अपने घर एवं प्रतिष्ठान की साफ-सफाई पिछले एक पखवारे से कर रहे है. अब उसे अंतिम रूप दे दिया गया है. साथ ही घरों एवं प्रतिष्ठानों को आकर्षक तरीके से सजाया संवारा जा रहा है.
खासकर बिजली लाइटिंग से घरों को सजाया संवारा गया है. साथ ही कई तरह के फूल पत्ती व आकर्षक सामग्री का भी उपयोग लोगों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठान में किया है. बुधवार को भी लोग सजावट से जुड़े सामग्री की खरीदारी करने में जुटे रहे. साथ ही चुना, पेंट सहित कई अन्य तरह के सामग्री की भी लोग खरीदारी करते रहे. बिजली के प्रतिष्ठान व सजावट सामग्री के दुकानों पर खरीदारी को लेकर अत्यधिक भीड़ देखी गई. इसके साथ ही दीप आदि की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही.
केले के पौधे 100 से 200 तक में बिके
दीपावली में केले के पौधे का खास महत्व है. यही वजह है कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में केले के पौधे को लेकर डिमांड बढ़ गयी है. ग्रामीण क्षेत्रों में तो लोग आपसी समन्वय के आधार पर केले का पौधा उपलब्ध कर लेते हैं, पर शहरी क्षेत्रों में इसकी किल्लत रहती है. इस कारण शहर में बिकता है. बड़ी संख्या में शहरी क्षेत्र के श्रद्धालु केले के पौधे खरीदने में जुटे रहे. 100 से 200 रुपये तक केले का एक पौधा बिका. दरअसल लोग अपने-अपने प्रतिष्ठान एवं घरों के सामने केले का पौधा लगाकर घर को सजाने संवारते हैं. यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है. यही वजह है कि बढ़ती डिमांड के बाद केला के पौधे की बिक्री भी बढ़ने लगी है.
गेंदा के फूल की लड़ी भी खूब बिकी
गंदा फूल के माला की डिमांड खूब हो रही है. दरअसल व्यवसायी, दुकानदार सहित आमलोग गेंदा फूल की माला से सजावट करते हैं. इसको लेकर फूल के काराेबारियों ने कोलकाता से बड़े पैमाने पर फूल का माला मंगवाया है. बुधवार को इसकी बिक्री खूब हुई. फूल व्यवसायियों का कहना है कि गुरुवार की सुबह भी इसकी डिमांड रहेगी.
कालीपूजा को लेकर लोगों में उत्साह
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में काली पूजा को लेकर भी लोगों में उत्साह व्याप्त है. गुरुवार की मध्यरात्रि के बाद मां काली के दर्शन के लिए पट खुल जायेगा. शहरी क्षेत्र में कई आकर्षक पंडाल बनाये गये है. सार्वजनिक काली मंदिर एवं पंडालों में मां काली की पूजा अर्चना को लेकर तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन