इस बार 70 करोड़ पर ही सिमट गया

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Oct 2017 12:49 PM

विज्ञापन

जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को धनतेरस की धूम मची रही. हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बाजार में रौनक थोड़ी कम रही. उसके बावजूद लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह ज्यादा देखा गया. कटिहार : अन्य वर्षों की तुलना में इस बार अधिसंख्य लोग धनतेरस में नये वस्तुओंकी खरीदारी […]

विज्ञापन
जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को धनतेरस की धूम मची रही. हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बाजार में रौनक थोड़ी कम रही. उसके बावजूद लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह ज्यादा देखा गया.
कटिहार : अन्य वर्षों की तुलना में इस बार अधिसंख्य लोग धनतेरस में नये वस्तुओंकी खरीदारी की परंपरा को बरकरार रखने के लिए औपचारिकता ही पूरी करते देखे गये. दरअसल जिले में आयी प्रलयंकारी बाढ़, जीएसटी व नोटबंदी का असर बाजार में साफ देखा गया.
जीएसटी की वजह से धनतेरस के दिन बिकने वाले अधिकांश वस्तुओं की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई है. ऐसे में बाजार पर जीएसटी का असर देखा गया. यद्यपि आर्थिक रूप से संपन्न परिवार धनतेरस में खरीदारी को लेकर काफी उत्साहित दिखे. यही वजह रही कि सोना-चांदी के दुकानों व इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के शोरूम में अत्यधिक भीड़ रही. हालांकि बर्तन व अन्य सामग्री की दुकानों में भी दिखी. धनतेरस में करीब 70 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है. शहर के कारोबार पर नजर रखने वालों की मानें, तो पिछले वर्ष 130 से डेढ़ सौ करोड़ तक का कारोबार हुआ था.
शहरी क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में अन्य दिनों की तुलना में देर शाम तक चहल-पहल अत्यधिक देखी गयी. ग्रामीण क्षेत्रों से तो लोग दिन में ही आकर अपने अपने पसंद व आर्थिक क्षमता के अनुसार खरीदारी कर लिये, जबकि शहरी क्षेत्र के लोग शाम में खरीदारी करने के लिए निकले. समाज का कुछ तबका तो धनतेरस के मुहूर्त को देख कर ही खरीदारी करने निकला. शहर के एमजी रोड, गर्ल्स स्कूल रोड, मंगल बाज़ार, बड़ा बाजार में अन्य दिनों की तुलना में काफी भीड़ देखी गयी. बाजारों में भीड़ की वजह से कई सड़क पर जाम की स्थिति भी बन रही.
खरीदारी को लेकर लोगों में दिखा उत्साह : धनतेरस में नई वस्तुओं की खरीदारी को लेकर वर्षों से चली आ रही परंपरा को जीवंत रखने के लिए मंगलवार को भी शहर में भीड़ देखी गयी. हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार लोग महंगे वस्तुओं की खरीदारी में कम रूचि दिखा रहे थे.
छोटे-छोटे बर्तन व इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी लोग अधिक कर रहे थे. दरअसल जिले में आयी प्रलयंकारी बाढ़, जीएसटी की वजह से वस्तुओं में बढ़ी कीमत व नोटबंदी आदि की वजह से पिछले वर्ष की तुलना में इस बार महंगे सामग्री नहीं खरीद पा रहे है. सिर्फ औपचारिकता निभाने के लिए आर्थिक क्षमता के आधार पर लोग नये वस्तुओं की खरीदारी करने में जुटे रहे. शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हर कोई किसी न किसी वस्तु की खरीदारी करने के लिए दुकान व अन्य प्रतिष्ठान पर पहुंच रहे थे. यह प्रक्रिया देर रात तक चलती रही.
पर्व को लेकर बढ़ायी गयी सुरक्षा व्यवस्था
निधि, कटिहार, धनतेरस व दीपावली को लेकर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन के निर्देश पर धनतेरस को लेकर शहरी क्षेत्र के चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र बल के जवान व लाठी डंडा पार्टी मुस्तैदी से तैनात थे. कई पुलिसकर्मी टुकड़ों में शहर का भ्रमण कर रहे थे. ताकि जिले में लॉ एंड ऑर्डर स्थापित रहे.
इलेक्ट्रॉनिक्स व बर्तन की दुकानों में दिखी भीड़
शहर के विभिन्न मार्गों पर अवस्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं बर्तन के दुकानों में मंगलवार को अधिक भीड़ देखी गयी. धनतेरस के दिन लोग अपने-अपने आर्थिक क्षमता के आधार पर वस्तुओं की खरीदारी करने में जुटे रहे.
आर्थिक रुप से कमजोर लोग बर्तन व छोटे मोटे इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी करते रहे. एमजी रोड में प्राणपुर के सुरेंद्र मंडल बर्तन के दुकान पर मिलते है. बातचीत में वह कहने लगता है कि बाढ़ की वजह से उनका सब कुछ समाप्त हो गया. धनतेरस में नया सामान खरीदने की परंपरा है. यही वजह है कि वह चम्मच खरीदने के लिए यहां पहुंचे है. इसी तरह बड़ा बाज़ार में मनसाही के शंकर प्रसाद से मुलाकात होती है. बातचीत में वह कहते हैं कि जीएसटी की वजह से पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सामान की कीमत अधिक हो गयी है. इसीलिए कोई छोटा सामान खरीद कर धनतेरस की औपचारिकता पूरी कर लेंगे.
सोना-चांदी की दुकानों में देर शाम तक चली खरीदारी
मंगलवार की शाम के बाद शहर में अत्यधिक भीड़ होने लगी. दरअसल आर्थिक रुप से संपन्न लोग अपने-अपने हिसाब से इलेक्ट्रॉनिक व ज्वेलर्स खरीदने में दिलचस्पी दिखायी. शहर के प्रमुख ज्वेलर्स के दुकानों व शोरूम में शाम के बाद अत्यधिक भीड़ देखी गयी. चांदी के सिक्के की खरीदारी करने के साथ-साथ नये-नये आभूषण भी लोग खरीदने लगे. बाटा चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में ग्राहकों की भीड़ पूरे दिन लगी रही. गहने, सिक्के सहित अन्य सामान की बिक्री जमकर हुई.
साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सामानों में फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित अन्य कई तरह के बड़े सामान की खरीदारी किया. शहर के एमजी रोड, गर्ल्स स्कूल रोड, मंगल बाजार, बड़ा बाजार में स्थित सोने चांदी की दुकान और शोरूम तथा इलेक्ट्रॉनिक सामानों के प्रतिष्ठान में अत्यधिक भीड़ रही. भीड़ की वजह से जाम की भी स्थिति बनती रही.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन