कैमूर: करमचट डैम पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा इलाका

Updated:
विज्ञापन

करमचट डैम पर हर घर तिरंगा में शामिल लोग

कैमूर के करमचट डैम पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. देशभक्ति के नारों और गीतों से पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया. अधिकारियों ने नागरिकों से घरों पर झंडा फहराने की अपील की.

विज्ञापन

Karamchat Dam Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को पूर्वाह्न 9 बजे करमचट डैम पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. जिला पदाधिकारी, कैमूर के आदेश ज्ञापांक 117 के आलोक में कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड कार्यालय रामपुर की ओर से किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख घूरा सिंह यादव ने की, जबकि नेतृत्व बीडीओ ऋतु रंजन कुमार ने किया.

देशभक्ति के रंग में रंगा करमचट डैम

तिरंगा यात्रा की शुरुआत करमचट डैम से हुई. हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों के मुंह से ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारे गूंजते रहे. यात्रा में प्रखंड के सभी पदाधिकारी, कर्मी, जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी सेविका, एएनएम और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं. सभी ने सिर पर तिरंगा पट्टी बांधी थी. पूरे रास्ते देशभक्ति गीत बजाये जा रहे थे. इससे डैम के आसपास का माहौल पूरी तरह तिरंगामय हो गया.

अधिकारियों ने की तिरंगा फहराने की अपील

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋतु रंजन कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य आजादी के अमृत महोत्सव को जन-जन तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है. उन्होंने प्रखंड के सभी नागरिकों से अपने घरों की छत और दरवाजे पर तिरंगा लगाने की अपील की. साथ ही लोगों से तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी harghartiranga.com पर अपलोड करने को कहा. उन्होंने तिरंगे के सम्मान का ध्यान रखने की भी अपील की.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. करमचट थाना की पुलिस टीम मौके पर तैनात रही. प्रखंड कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मियों को यात्रा में समय से भाग लेने का निर्देश दिया गया था, जिसका सभी ने पालन किया.

राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश

आयोजकों ने बताया कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है. मौके पर पैक्स अध्यक्ष हीरा लाल, शिवजी सिंह, जीविका पदाधिकारी अनिल चौबे, कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार मौर्य, एटीएम अमन कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक जय प्रकाश सिंह, प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, आशा, जीविका दीदी, एएनएम, मुखिया, जनप्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

Also Read: तेज प्रताप का आरोप- मोतीलाल राय फिर कर रहा पैसे और सामान की डिमांड, पूर्व PA का नंबर शेयर कर लोगों को किया अलर्ट


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन