कैमूर: स्कूल भवन में लटका मिला ताला, प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू

Updated:
विज्ञापन

डीईओ द्वारा निलंबन का जारी किया गया पत्र

कैमूर जिले में एक मॉडल स्कूल भवन का निरीक्षण करने पर उसमें ताला लटका मिला. इस लापरवाही के चलते प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है. विभाग ने मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Kaimur News: विद्यालय निरीक्षण के दौरान मॉडल स्कूल भवन में ताला लटका मिलने और कार्य में लापरवाही समेत अन्य आरोपों के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है. जिला शिक्षा पदाधिकारी, कैमूर ने नवभारत इंटरमीडिएट विद्यालय, राजेंद्र नगर देवहलिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक नीरज कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है.

डीडीसी के निरीक्षण में भवन में लटका मिला था ताला

जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को उप विकास आयुक्त, कैमूर द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया था. निरीक्षण के दौरान सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवहलिया, रामगढ़ के मॉडल स्कूल भवन में ताला लटका पाया गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से प्रभारी प्रधानाध्यापक नीरज कुमार सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया था.

स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुआ विभाग

विभागीय आदेश के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण की समीक्षा की गयी, जिसे असंतोषजनक पाया गया. विभाग ने माना कि उनके स्तर से कार्य के प्रति लापरवाही, सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के संचालन में उदासीनता और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना जैसे मामले प्रथम दृष्टया प्रमाणित होते हैं. इसके बाद बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 और बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के प्रावधानों के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

चांद बीईओ कार्यालय बना मुख्यालय

निलंबन अवधि में नीरज कुमार सिंह का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, चांद के कार्यालय में निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवनयापन भत्ता देय होगा. वहीं, उनके विरुद्ध आरोप पत्र अलग से गठित करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए संचालन पदाधिकारी और उपस्थापन पदाधिकारी भी नामित किये गये हैं. जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रति भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

Also Read: तेज प्रताप का आरोप- मोतीलाल राय फिर कर रहा पैसे और सामान की डिमांड, पूर्व PA का नंबर शेयर कर लोगों को किया अलर्ट


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन