कैमूर : भभुआ में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा शहर
तिरंगा यात्रा में शामिल लोग
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भभुआ नगर पर्षद ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। स्कूली छात्राओं और अधिकारियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर पर्षद भभुआ की ओर से मंगलवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. हाथों में तिरंगा लेकर भभुआ बालिका मध्य विद्यालय की छात्राओं, नगर पर्षद के पार्षदों, कर्मियों और शहरवासियों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा.
राजेंद्र सरोवर से निकली तिरंगा यात्रा
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे राजेंद्र सरोवर परिसर से तिरंगा यात्रा शुरू हुई. यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कतारबद्ध होकर शामिल हुईं. उनके उत्साह और देशभक्ति के नारों ने लोगों का ध्यान खींचा.
लहराते तिरंगे ने बढ़ाया देशभक्ति का जोश
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरे रास्ते का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा. स्थानीय लोगों ने भी यात्रा में शामिल छात्राओं और अन्य लोगों का उत्साह बढ़ाया.
एसडीएम समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में भभुआ एसडीएम अमित कुमार, नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, नप अध्यक्ष रविता पटेल, बीडीओ अतुल्य कुमार आर्य, नप अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह उर्फ मंटू पटेल, सिटी मैनेजर सोनू सिंह और स्वच्छता पदाधिकारी प्रिंस कुमार समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम जगाना उद्देश्य
एसडीएम ने कहा कि नगर पर्षद की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के महत्व को लोगों तक पहुंचाना है. इसके साथ ही नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है.
‘तिरंगा देश की आन, बान और शान’
नगर पर्षद के ईओ संजय उपाध्याय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे. उन्होंने लोगों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की.
कैमूर: मोहनिया में सड़क किनारे लावारिस ट्रॉली बैग मिला, अंदर लाश की आशंका से पहुंची पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










