विद्यालय में बार बालाओं संग डांस में एचएम व शिक्षक पर गिरी गाज, होंगे निलंबित

पइयां विद्यालय का मामला, मुर्गा-शराब पार्टी में जांच व निलंबन की प्रक्रिया तेज
पइयां विद्यालय का मामला, मुर्गा-शराब पार्टी में जांच व निलंबन की प्रक्रिया तेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने शुरू की कार्रवाई भभुआ नगर. भभुआ प्रखंड स्थित पइयां विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार व सहायक शिक्षक धर्मेंद्र कुमार को विद्यालय परिसर में बार बालाओं के साथ डांस करने तथा मुर्गा-शराब पार्टी मनाने का आरोप भारी पड़ गया. दोनों शिक्षकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है, जिसके साथ ही मामले में अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शंभू कुमार सिंह ने इस संबंध में प्रखंड नियोजन इकाई के सचिव को पत्र लिखकर प्रधानाध्यापक और सहायक शिक्षक को निलंबित करने का निर्देश दिया है. विभागीय स्तर पर पूरे मामले की जांच भी करायी जायेगी. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानाध्यापक अशोक कुमार कथित रूप से नशे की हालत में विद्यालय परिसर में दिखायी दे रहे हैं. जबकि, सहायक शिक्षक धर्मेंद्र कुमार अश्लील गानों पर बार बालाओं के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों व अभिभावकों में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि जिस विद्यालय में बच्चों को शिक्षा और संस्कार दिये जाते हैं, वहां शिक्षकों के द्वारा इस तरह की गतिविधियां बेहद शर्मनाक हैं. वायरल वीडियो को लेकर मामला तब और तूल पकड़ लिया, जब यह खबर प्रमुखता से प्रभात खबर में भी प्रकाशित हुई. इसके बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शंभू कुमार सिंह ने प्रखंड नियोजन इकाई के सचिव को पत्र भेजकर दोनों शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, साथ ही पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट भेजने को कहा गया है. = जांच के बाद होगी अनुशासनिक कार्रवाई इस संबंध में पूछे जाने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार का कहना है कि विद्यालय परिसर में इस तरह की गतिविधियां पूरी तरह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं. जांच में आरोप सही पाये जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जायेगी. इधर, ग्रामीणों व अभिभावकों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है और यहां इस प्रकार की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं. विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई से लोगों को उम्मीद जागी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




