ePaper

स्पोर्ट्स कांप्लेक्स निर्माण से बढ़ेगी खिलाड़ियों की रूचि, मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं

Updated at : 04 Jan 2026 3:36 PM (IST)
विज्ञापन
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स निर्माण से बढ़ेगी खिलाड़ियों की रूचि, मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं

जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने व उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार स्तर पर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं.

विज्ञापन

फोटो 1 पुराने प्रखंड मुख्यालय के बगल में निर्माण हो रहा खेल भवन = सिपाही व दारोगा की तैयारी के लिए अब अभ्यर्थियों को सड़कों पर नहीं लगानी पड़ेगी दौड़ = खिलाड़ियों के प्रैक्टिस के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कराया गया स्टेडियम का निर्माण खेल अवसंरचना को मिली नयी रफ्तार, खिलाड़ियों को मिले आधुनिक अभ्यास के अवसर मुख्यमंत्री खेल विकास योजना से जिले में स्टेडियम, खेल भवन व स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का हो रहा निर्माण भभुआ नगर. जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने व उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार स्तर पर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत जिले में खेल भवन-सह-व्यायामशाला, आउटडोर स्टेडियम व आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है. कई परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इससे न केवल खिलाड़ियों में खेल के प्रति नयी ऊर्जा व उत्साह का संचार होगा, बल्कि उन्हें प्रतिदिन अभ्यास के लिए सुरक्षित व सुविधायुक्त स्थान भी उपलब्ध होगा. इन खेल अवसंरचनाओं के विकसित होने से सिपाही, दारोगा व अन्य पुलिस बल की भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को अब सड़कों पर दौड़ लगाने की मजबूरी नहीं रहेगी. उन्हें जिले के भीतर ही आधुनिक ट्रैक व मैदान उपलब्ध हुए हैं, जहां वे नियमित अभ्यास कर सकेंगे. वहीं पहलवानी व शारीरिक फिटनेस के क्षेत्र में अपनी किस्मत आजमाने वाले खिलाड़ियों के लिए आधुनिक व्यायामशालाएं भी तैयार की जा रही हैं, जिससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण मिल सके. इस पहल से जिले के खिलाड़ियों में खासा उत्साह व हर्ष का माहौल देखा जा रहा है. गौरतलब है कि यह महत्वपूर्ण सौगात कैमूर जिले को बीते वर्ष 2025 में मिली है. आने वाले वर्षों में खेल के क्षेत्र में जिले को और क्या उपलब्धियां मिलेंगी, यह तो समय ही बतायेगा, लेकिन वर्तमान में हो रहे निर्माण कार्यों ने खिलाड़ियों की उम्मीदों को जरूर मजबूत किया है. मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा जिले में आधुनिक खेल स्टेडियम, खेल भवन व व्यायामशालाओं का निर्माण कराया गया है. हालांकि अभी कई स्टेडियम व भवनों में निर्माण कार्य प्रगति पर है. जिले में खेल मैदान, खेल भवन-सह-व्यायामशाला व स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं कैमूर को खेल के क्षेत्र में नयी पहचान दिला रही हैं. इन सुविधाओं से ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और भविष्य में कैमूर से राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभरकर सामने आयेंगे. प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियम का किया गया है निर्माण मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में 09 आउटडोर स्टेडियम व खेल मैदानों का निर्माण कराया गया है. इनमें से आठ स्थलों पर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है. प्रमुख रूप से जगजीवन स्टेडियम, मोहनिया, श्रीकृष्ण उदीप मैदान, मोहनिया निशान सिंह मैदान कुदरा, रामदयान सिंह यादव स्टेडियम, भभुआ तथा सर्वोदय उच्च विद्यालय परिसर भभुआ शामिल हैं. इसके अतिरिक्त भगवानपुर, अधौरा व रामपुर प्रखंड में भी खेल मैदान विकसित किये गये हैं. इन मैदानों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर मंच मिल रहा है. खेल भवन सह व्यायामशाला का निर्माण है प्रगति पर प्रखंड मुख्यालय भभुआ सहित अन्य चिह्नित स्थानों पर खेल भवन सह व्यायामशाला का निर्माण कार्य प्रगति पर है. इन भवनों के निर्माण से इंडोर खेलों के साथ-साथ फिटनेस व शारीरिक प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं में स्वास्थ्य व खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. भगवानपुर प्रखंड में बनाया जा रहा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गयी घोषणा के आलोक में भगवानपुर प्रखंड के बहोरनपुर में एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य जारी है. इसके पूर्ण होने के बाद कैमूर जिले को एक अत्याधुनिक खेल केंद्र की सौगात मिलेगी, जहां विभिन्न खेलों के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध होंगी. पंचायत स्तर तक खेल मैदान निर्माण का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से योजना के तहत जिले की कुल 146 पंचायतों में खेल मैदान निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अब तक 124 ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 22 पंचायतों में कार्य प्रगति पर है. खिलाड़ी व युवाओं के लिए है सुनहरा अवसर जिला प्रशासन का मानना है कि इन खेल अवसंरचनाओं के माध्यम से कैमूर जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर अवसर मिलेगा. इससे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी तैयार होंगे. जिला प्रशासन खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है व भविष्य में भी योजनाबद्ध ढंग से खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करता रहेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन