कैमूर में बिजली विभाग के ठेकेदार और सुपरवाइजर पर रिश्वत लेने का आरोप, विधायक ने दिए FIR के निर्देश

बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू.
Kaimur News: कैमूर के कर्मनाशा में बिजली विभाग की समीक्षा बैठक में विधायक सतीश यादव ने किसानों से वसूली के आरोप पर मॉडर्न कंपनी के सुपरवाइजर और ठेकेदार पर FIR दर्ज करने का निर्देश दिया. जले ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली व्यवस्था सुधारने के भी निर्देश दिए.
कर्मनाशा से मैनुद्दीन शाह की रिपोर्ट :
Kaimur News: रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने बुधवार को कर्मनाशा स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले में बिजली विभाग के सप्लाई एवं प्रोजेक्ट अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानी का समय आ गया है और क्षेत्र में भीषण गर्मी भी पड़ रही है. इसे ध्यान में रखते हुए जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए. इसमें किसी प्रकार की टालमटोल नहीं होनी चाहिए.
पोल का तार लगाने और बिल में सुधार करने का निर्देश
उन्होंने ट्रिपिंग की समस्या और आंधी-पानी में खराब हुई बिजली लाइन को तुरंत सही करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पोल और तार की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए. विधायक ने बताया कि अहिवास में 15 पोल का तार चोरी हो गया है, जिसे जल्द लगाने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि मुखराव में दो साल पहले 40 पोल का तार चोरी हो गया था और इस मामले की जानकारी विभाग को भी है. इसके बावजूद वहां बिजली बिल आ रहा है. उन्होंने विभाग को चोरी हुए 40 पोल का तार लगाने और बिल में सुधार करने का निर्देश दिया.
कॉन्ट्रैक्टर और सुपरवाइजर पर किसानों ने लगाए आरोप
विधायक ने तार, पोल और ट्रांसफार्मर लगाने वाली बजाज एवं मॉडर्न कंपनी के कर्मियों को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि मॉडर्न कंपनी के पीटी कॉन्ट्रैक्टर के ठेकेदार विनोद और सुपरवाइजर पीयूष पर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. इटही के रामाश्रय सिंह से तार-पोल लगाने के एवज में 7,000 रुपये लेने और 9,000 रुपये अतिरिक्त मांगने का आरोप है, जिसका ऑडियो किसान ने उन्हें उपलब्ध कराया है. विधायक ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश बिजली विभाग के अधिकारियों को दिया.
उन्होंने कहा कि इसीपुर और रमकलपुर पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है. इसे 1 जुलाई तक पूरा करने का निर्देश भी दिया गया.
बैठक में बिजली विभाग के एसडीओ जितेंद्र कुमार, बजाज कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर चिन्मय दास, मॉडर्न प्रोजेक्ट मैनेजर एम. ए. खान, आलोक कुमार, जेई दुर्गावती रौनक कुमार कश्यप, राधेश्याम साहनी, रामदयाल, मुन्ना यादव, नीरज यादव, कमलेश सहित बिजली विभाग के अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे.
Also Read: बक्सर में संस्कृत विद्यालयों और मदरसे की जांच, बुनियादी सुविधाओं की खुली पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










