ईद की नमाज अदा कर अमन-चैन की मांगी गयी दुआएं
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 21 Mar 2026 3:45 PM
नमाज के बाद एक-दूसरे के गले मिल दी मुबारकबाद, सोशल मीडिया पर भी रहा शुभकामनाओं का दौर
भाईचारे का संदेश : नमाज के बाद एक-दूसरे के गले मिल दी मुबारकबाद, सोशल मीडिया पर भी रहा शुभकामनाओं का दौर कर्मनाशा. दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज ईदगाहों व मस्जिदों में पूरी अकीदत के साथ अदा की गयी. ईद के पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया. नमाज के लिए क्षेत्र की सभी मस्जिदों में भारी भीड़ उमड़ी. नमाज शुरू होने से पहले ही अहले सुबह लोग नये वस्त्र पहनकर पहुंचने लगे थे. नमाज अदा कर देश की शांति व खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गयीं, साथ ही एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी गयी. इस दौरान सरैया, खजुरा, कर्मनाशा, महमुदगंज, चेहरियां, दुर्गावती बाजार, छाता, करारी, डुमरी, कोटसा, सावठ व नुआंव आदि जगहों पर स्थित मस्जिदों और ईदगाहों में लोग सुबह ही पहुंच गये थे. निर्धारित समय पर सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गयी. गौरतलब है कि ईद का त्योहार रमजान के रोजे रखने के बाद मनाया जाता है. इस बार रमजान का महीना 19 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च को संपन्न हुआ. शुक्रवार को ईद का चांद नजर आने के बाद शनिवार को पूरे प्रखंड में धूमधाम से पर्व मनाया गया. क्षेत्र की सभी प्रमुख मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज के उपरांत मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी गयी और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी. दिनभर सोशल मीडिया पर भी लोग आपसी भाईचारे का संदेश साझा करते नजर आये. इस प्रकार दुर्गावती इलाके में ईद का त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










