आज से शुरू होगी मध्यमा परीक्षा, त्रिस्तरीय जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश

जिले में एकमात्र केंद्र अटल बिहारी सिंह उच्च विद्यालय में 309 परीक्षार्थी होंगे शामिल
= जिले में एकमात्र केंद्र अटल बिहारी सिंह उच्च विद्यालय में 309 परीक्षार्थी होंगे शामिल = 16 से 19 मार्च तक विषयवार परीक्षा, अंतिम दिन होगी कई वैकल्पिक विषयों की परीक्षा = 23–24 मार्च को प्रायोगिक परीक्षा, 28 मार्च से शुरू होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भभुआ नगर. बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित मध्यमा परीक्षा आज से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगी. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गयी हैं. जिले में इस परीक्षा के लिए अटल बिहारी सिंह उच्च विद्यालय को एकमात्र केंद्र बनाया गया है. यहां 309 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. बोर्ड द्वारा जारी निर्देश के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जायेगी. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 09:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 01:45 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों को त्रिस्तरीय जांच के बाद ही प्रवेश दिया जायेगा. इसके लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा व अनुशासन बनाये रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किये गये हैं. जारी कार्यक्रम के अनुसार, 16 मार्च को प्रथम पाली में संस्कृत व्याकरण (अनिवार्य प्रथम पत्र) और द्वितीय पाली में संस्कृत साहित्य (अनिवार्य द्वितीय पत्र) की परीक्षा आयोजित की जायेगी. 17 मार्च को प्रथम पाली में संस्कृत सामान्य (अनिवार्य तृतीय पत्र) तथा द्वितीय पाली में हिंदी (अनिवार्य चतुर्थ पत्र) की परीक्षा ली जायेगी. इसी तरह 18 मार्च को प्रथम पाली में सामाजिक शिक्षा (अनिवार्य पंचम पत्र) और द्वितीय पाली में अंग्रेजी (अनिवार्य षष्ठ पत्र) की परीक्षा आयोजित होगी. परीक्षा के अंतिम दिन 19 मार्च को प्रथम पाली में सामान्य विज्ञान (अनिवार्य सप्तम पत्र) की परीक्षा होगी, जबकि द्वितीय पाली में गणित, अर्थशास्त्र तथा अतिरिक्त विषयों में पौरोहित्य, गृह विज्ञान (सैद्धांतिक), मैथिली, भोजपुरी और संगीत (सैद्धांतिक) की परीक्षा के साथ मध्यमा परीक्षा का समापन होगा. इधर, विद्यालय प्रशासन भी परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सतर्क है. बोर्ड द्वारा जारी निर्देश के अनुसार प्रायोगिक परीक्षा 23 और 24 मार्च को संबंधित विद्यालयों में आयोजित की जायेगी, जबकि इसके अंकपुटक 25 मार्च तक बोर्ड कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा. जबकि, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 28 मार्च से शुरू किया जायेगा. बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र या पंजीयन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर विद्यालय प्रधान आवश्यक साक्ष्यों के साथ परीक्षा से पूर्व सुधार के लिए आवेदन भेज सकते हैं. परीक्षा अवधि के दौरान नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0612-2217880 जारी किया गया है, जहां किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




