ePaper

दो बाइकों की टक्कर में सरैयां पंचायत के पूर्व सरपंच की मौत, एक गंभीर

Updated at : 13 Nov 2025 4:54 PM (IST)
विज्ञापन
दो बाइकों की टक्कर में सरैयां पंचायत के पूर्व सरपंच की मौत, एक गंभीर

भगवानपुर के सरैयां-धनगढ़ा पथ पर पपहरा बधार में हुई घटना

विज्ञापन

भगवानपुर के सरैयां-धनगढ़ा पथ पर पपहरा बधार में हुई घटना भगवानपुर. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैयां-धनगढ़ा पथ पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में सरैयां पंचायत के पूर्व सरपंच की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है. मृतक सरैयां गांव निवासी रमेश सिंह कुशवाहा पिता स्वर्गीय श्रीनाथ कुशवाहा बताये जाते हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव निवासी रामकुमार उर्फ कुंवर पाल का 20 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार पाल बताया गया है. यह घटना बुधवार की देर शाम करीब 6:30 बजे की है, जो सरैयां-धनगढ़ा पथ अंतर्गत पपहरा सिवान में घटित हुई. घटना के संबंध में मृतक के सबसे छोटे पुत्र अनमोल तथा पड़ोसी डॉ कमलेश कुमार सिंह (ग्रामीण चिकित्सक) ने बताया कि धनगढ़ा सिवान में रमेश सिंह कुशवाहा (पूर्व सरपंच) का अपना खेत है, जहां से वह धान की कटाई का जायजा लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. इसी बीच मोहनपुर गांव निवासी सन्नी कुमार पाल भी धनगढ़ा की बगल वाले सिवान यानी की बभनी सिवान में स्थित अपने खेत पर बाइक से जा रहा था, तभी उक्त दोनों बाइक सवारों की आमने सामने से जोरदार टक्कर हो गयी. इस घटना में दोनों ही बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये. इस बीच आसपास के कुछ किसान बाइकों की टक्कर की आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें लहूलुहान अवस्था में इ-रिक्शा पर लादकर प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी में कार्यरत चिकित्सक ने जांच के बाद रमेश सिंह कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया. वहीं, बुरी तरह से घायल सन्नी का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहां से एक बार पुनः सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने सन्नी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया. इस घटना की सूचना होते ही प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र में दलबल के साथ पहुंचे थाना के एसएचओ चंद्रशेखर शर्मा ने शव की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार करने के बाद उसके अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया, जहां पुलिस की मौजूदगी में अंत्य परीक्षण के बाद चिकित्सकों द्वारा शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया. पड़ोसी सह ग्रामीण चिकित्सक डॉ कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के सात संतान हैं, इनमें क्रमशः कुमारी पूजा 28 वर्ष, कुमारी अनुराधा 26 वर्ष, कुमारी प्रज्ञा 22 वर्ष, गौतम कुमार 20 वर्ष, प्रीति कुमारी 18 वर्ष, अंकित कुमार 16 वर्ष व अनमोल कुमार 13 वर्ष के नाम शामिल हैं. इनमें से पूजा तथा अनुराधा शादीशुदा हैं, जबकि मृत पिता ने अपनी पुत्री प्रज्ञा की शादी तय कर रखी थी. इधर, इस घटना के बाद मृतक की पत्नी अंजना देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. डॉ कमलेश ने बताया मृतक रमेश सिंह कुशवाहा पूर्व सरपंच होने के साथ-साथ बुढ़वा महादेव मंदिर विकास समिति के सक्रिय सदस्य भी थे, जिन्होंने मंदिर के गुंबद निर्माण कार्य में अपना अहम योगदान दिया था. वहीं, घायल युवक के पट्टीदार राम अवतार पाल ने बताया कि सन्नी का इलाज अब भी गंभीर स्थिति में वाराणसी के ट्राॅमा सेंटर में चल रहा है, जो अब तक होश में नहीं लौट सका है. इस घटना को लेकर सीएचसी में सरैयां पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह चंचल, मुखिया उमेश दुबे, सरपंच सीताराम सिंह, उप प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह उर्फ भोला सिंह, टोड़ी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष प्रेम प्रताप सिंह चंचल, बीडीसी मोतीलाल राम, सरपंच महबूब अंसारी समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि व समाजसेवी पहुंचे थे. क्या कहते हैं थानेदार थानेदार चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून पसरा था, वहां पर क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों को पुलिस अपने कब्जे में ले चुकी है. मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन