कैमूर में खुले नाले में बाइक समेत गिरा युवक, गुस्साए लोगों ने एकता चौक किया जाम, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

Updated:
विज्ञापन
खोद कर छोड़ गए नाले में गिरे बाइक को दिखाते मोहल्लेवासी | Prabhat Khabar Network

खोद कर छोड़ गए नाले में गिरे बाइक को दिखाते मोहल्लेवासी | Prabhat Khabar Network

भभुआ के वार्ड 14 में निर्माणाधीन नाले में बाइक गिरने से युवक घायल। लापरवाही से नाराज मोहल्लेवासियों ने एकता चौक पर किया आधे घंटे तक जाम। प्रशासन से कार्रवाई की मांग।

विज्ञापन

Kaimur News : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 में चल रहे नाला निर्माण कार्य में लापरवाही गुरुवार की शाम एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन गई. अधूरे और खुले पड़े नाले में बाइक समेत गिरने से एक युवक घायल हो गया. हादसे के बाद आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने एकता चौक को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया और प्रशासन व ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

घर लौटते समय निर्माणाधीन नाले में गिरी बाइक

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 14 निवासी राज नारायण सिंह के पुत्र पंकज सिंह बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान निर्माणाधीन नाले के पास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरी. हादसे में पंकज सिंह घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, कराया इलाज

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने युवक को नाले से बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया. हादसे के बाद मोहल्लेवासियों में निर्माण कार्य को लेकर काफी आक्रोश देखा गया.

चार महीने से धीमी गति से चल रहा नाला निर्माण

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड में पिछले करीब चार महीने से नाला निर्माण का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है. कई जगहों पर नाला खोदकर छोड़ दिया गया है, लेकिन सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं. इससे राहगीरों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है.

ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग, भुगतान रोकने की चेतावनी

मोहल्लेवासियों ने नगर परिषद पदाधिकारी संजय उपाध्याय से शिकायत करते हुए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. नगर परिषद पदाधिकारी ने कहा कि यदि ठेकेदार समय पर काम पूरा नहीं करता है तो खुले पड़े नाले को अस्थायी रूप से मिट्टी भरकर सुरक्षित कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि ठेकेदार का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है और लापरवाही मिलने पर भुगतान रोकने की कार्रवाई की जाएगी.

आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम, आंदोलन की चेतावनी

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे.


विज्ञापन
Ranjeet Kr Patel

लेखक के बारे में

By Ranjeet Kr Patel

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन