शादी समारोह में मजदूरी करने गये युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत

Updated:
विज्ञापन

जुझारपुर गांव में हुई घटना, तरैथा गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

विज्ञापन

जुझारपुर गांव में हुई घटना, तरैथा गांव में पसरा मातमी सन्नाटा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, सरकारी सहायता दिलाने का अधिकारियों ने दिया भरोसा नुआंव. प्रखंड क्षेत्र के जुझारपुर गांव में गुरुवार की देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक 30 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गयी. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है. मृतक की पहचान तरैथा गांव निवासी सुनील राम (पिता बंधु राम) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का एकमात्र सहारा था. जानकारी के अनुसार, सुनील राम गुरुवार को जुझारपुर गांव में एक शादी समारोह में मजदूरी करने गया था. दिनभर काम करने के बाद देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली व तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गयी. इसी दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे व आनन-फानन में उन्हें रेफरल अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया. लेकिन चिकित्सकों के काफी प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. मृतक के पिता बंधु राम ने बताया कि उनका बेटा वर्षों से मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. सुबह वह रोज की तरह काम पर निकला था, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी दिन साबित होगा. बेटे की असामयिक मौत से पिता पूरी तरह टूट चुके हैं. अस्पताल परिसर में उनका करुण क्रंदन सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गयीं. उधर, घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार की सुबह थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा रेफरल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक अपने पीछे पत्नी पूनम देवी व छह वर्षीय पुत्र अनुराग को छोड़ गया है. पत्नी व मासूम बेटे के सिर से कमाने वाले का साया उठ जाने से उनके सामने जीवन यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गयी है. घटना की सूचना मिलने पर तरैथा पंचायत भाग-2 के बीडीसी रामेंद्र कुमार उर्फ पिंटू व परिवर्तन चेतना मंच के संयोजक सह एनएसजी के वरीय अधिकारी रणधीर कुमार सिंह पीड़ित परिवार से मिलने अस्पताल पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया व आश्वासन दिया कि आपदा राहत के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता जल्द दिलाने का प्रयास किया जायेगा. प्रशासन को उम्मीद है कि पीड़ित परिवार को जल्द राहत राशि प्रदान की जायेगी.

विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन