एसपी ने सिपाही को किया सस्पेंड

Updated:
विज्ञापन

कार्रवाई. कोर्ट हाजत से दो विचाराधीन बंदियों के भागने के मामले में सख्ती जहानाबाद : व्यवहार न्यायालय स्थित कोर्ट हाजत से दो विचाराधीन बंदियों के भाग जाने के मामले में एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है. फरार बंदी हिमांशु रंजन और सूरज कुमार को पकड़ने के लिए एसपी ने पुलिस अफसरों की एक […]

विज्ञापन

कार्रवाई. कोर्ट हाजत से दो विचाराधीन बंदियों के भागने के मामले में सख्ती

जहानाबाद : व्यवहार न्यायालय स्थित कोर्ट हाजत से दो विचाराधीन बंदियों के भाग जाने के मामले में एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है. फरार बंदी हिमांशु रंजन और सूरज कुमार को पकड़ने के लिए एसपी ने पुलिस अफसरों की एक टीम बनायी है, जिनके द्वारा छापेमारी की जा रही है. हाजत के बाथरूम में करीब 20 फुट ऊंचे रोशनदान का एक छड़ काट कर भागने का मामला फिलहाल संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. यहां उल्लेखनीय है कि छोटे से रोशनदान में लोहे के चार छोटे-छोटे छड़ लगे हैं. जिस छड़ को काटा गया है
उसके बाद उसकी चौड़ाई महज एक फुट है. इसके सहारे निकल भागना आसान प्रतीत नहीं हो रहा है. यह कहा जा रहा है कि भागनेवाले दोनों विचाराधीन बंदियों के शरीर की कद-काठी पतली है. गंभीर बात यह है कि काको जेल से जहानाबाद कोर्ट में पेशी के लिए लाये जाने पर उक्त दोनों बंदियों के पास छड़ काटने के लिए औजार कैसे उपलब्ध हुआ.
इस मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही प्रतीत हो रही है. बहरहाल, विभिन्न पहलुओं पर पुलिस के आलाधिकारी तहकीकात कर रहे हैं. वैसे पुलिस का मानना है कि अभी तक की जांच में रोशनदान का छड़ काट कर ही बंदी भागे हैं.
संदेहास्पद प्रतीत हो रहा रोशनदान से भागना : कोर्ट की हाजत में और भी विचाराधीन बंदी थे, जिन्होंने बताया कि भागनेवाले दोनों बंदी करीब एक घंटे तक बाथरूम में थे. यह भी बताया गया है कि रोशनदान के छड़ से एक गमछा भी लटक रहा था, जिसके सहारे दोनों बंदी रोशनदान तक चढ़े. गंभीर बात यह भी है कि एक घंटे के भीतर कोर्ट हाजत के बाथरूम का छड़ काटा गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. कोर्ट हाजत की सुरक्षा में लगी पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है.
गया व छपरा के रिमांड होम से भी भागा था
हिमांशु पर 14 व सूरज के विरुद्ध चार मामले हैं दर्ज
दोनों बंदी शातिर अपराधी हैं. दोनों वाहन लूटने और चुरानेवाले अंतरजिला गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. हिमांशु गिरोह का सरगना है. इसके गिरोह में 15-20 युवक शामिल हैं, जो विभिन्न जिलों के निवासी हैं. पूर्व में हिमांशु अपने गिरोह के आठ साथियों के साथ औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र में एक इनोवा गाड़ी लूट कर भागने के दौरान पकड़ा गया था.
वह गया और छपरा स्थित रिमांड होम में बंद था. वहां से भी फरार हो गया था. हिमांशु के विरुद्ध 14 और सूरज के विरुद्ध चार अापराधिक मामले दर्ज हैं. इनके गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध ओबरा, गया, जहानाबाद के काको और घोसी एवं नगर थाना, पटना के मसौढ़ी और सारण जिले में वाहन लूट के कई मामले दर्ज हैं.
शीघ्र गिरफ्तार होंगे दोनों फरारी
फरार हुए हिमांशु और सूरज की गिरफ्तारी शीघ्र कर ली जायेगी. विशेष टीम के द्वारा छापेमारी करायी जा रही है. लापरवाही बरतने के आरोप में एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है. अब तक दोनों बंदियों के बाथरूम के रोशनदान से ही भागने का मामला है. फॉरेंसिक जांच में बाथरूम की कुछ जगहों पर फिंगरप्रिंट के निशान मिले हैं. बहरहाल, अन्य बिंदुओं पर भी तहकीकात जारी है.
आदित्य कुमार, एसपी
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन