आग बरसा रहा आसमान, जीना हुआ मुहाल

Updated at : 01 May 2019 5:16 AM (IST)
विज्ञापन
आग बरसा रहा आसमान, जीना हुआ मुहाल

जहानाबाद नगर : जिले में पिछले तीन-चार दिनों से आग की बारिश हो रही है. सुबह होते ही सूर्य की तीखी किरणे रौद्र रूप धारण कर लेती है, जिसके कारण 10 बजते-बजते सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है. मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ ही तापमान में वृद्धि से लोगों का जीना मुहाल हो गया […]

विज्ञापन

जहानाबाद नगर : जिले में पिछले तीन-चार दिनों से आग की बारिश हो रही है. सुबह होते ही सूर्य की तीखी किरणे रौद्र रूप धारण कर लेती है, जिसके कारण 10 बजते-बजते सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है. मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ ही तापमान में वृद्धि से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. झुलसन भरी तेज पछुआ हवा के थपेड़ों ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है.

मानव के साथ पशु-पक्षी भी गर्म हवाओं के थपेड़ों से बचने के लिए पेड़ों की छांव का सहारा ले रहे हैं. मंगलवार को जिले का तापमान 42 डिग्री से अधिक रहने के कारण लोगों का हाल बेहाल रहा. सुबह के नौ बजते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा. 10 बजते-बजते सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर गया. झूलसन भरी गर्मी ने लोगों को दुबके रहने पर मजबूर कर दिया. भीषण गर्मी के कारण एसी-कूलर भी फेल होते दिखे.
गर्मी की प्रचंडता से बचने के लिए लोगों को पेड़ों का छांव ही एक मात्र सहारा बना है. वहीं छतरी के सहारे भी लोग इस भीषण गर्मी से बचने का प्रयास कर रहे हैं. गर्मी का तेवर दिन-प्रतिदिन और भी तल्ख होता जा रहा है. लू के थपेडे लोगों को झुलसाने लगे हैं. गर्मी के कारण किसानों पर आफत बढ़ गयी है. गेहूं की कटाई व थ्रेसिंग के कारण उन्हें दिन भर गर्मी में काम करना पड़ रहा है.
भू-जलस्तर पर पड़ने लगा गर्मी का असर
तेज गर्मी का असर जिले में भू-जल स्तर पर भी पड़ने लगा है. अब तक जो हैंडपंप पानी दे रहे थे. लेकिन वह भी दम तोड़ने लगे हैं. नगर पर्षद क्षेत्र के कई मुहल्लों में पेयजल संकट उत्पन्न होने लगा है. वहीं जिले के मखदुमपुर, काको व रतनी प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. बढ़ती गर्मी और गहराता जल संकट लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है. अगर इसी तरह गर्मी बढ़ती रही और वाटर लेवल गिरता रहा तो हालात और भी गहरा सकता है.
बिजली की ट्रिपिंग से परेशान हो रहे उपभोक्ता
जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे बिजली ट्रिपिंग की समस्या भी बढ़ती जा रही है. इस कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ रही है, उन्हें भीषण गर्मी में ट्रिपिंग के कारण एसी व कूलर का आनंद नहीं मिल पा रहा है.
विभागीय अधिकारी की मानें तो जिले में 80 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है. जिले को आवश्यकता के अनुसार 80 मेगावाट बिजली की आपूर्ति भी हो रही है, फिर भी उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ रहा है. अधिकारी की मानें तो तेज हवा व आंधी के कारण ट्रिपिंग की समस्या हो रही है.
गर्मी से बचने के लिए करें देखभाल
गर्मी के मौसम में खुद की देखभाल जरूरी है. लू से बचने के लिए भरपूर कपड़े का इस्तेमाल करें, जिससे लू से बचा जा सके. इस मौसम में डायरिया, फूड प्वाइजनिंग, सर्दी-बुखार, सन स्टॉक आदि बीमारियां अधिक होती हैं. ऐसे में गर्म व ताजा खाना का उपयोग करें. साथ ही पानी का भरपूर उपयोग करें. घर से बाहर निकले तो सिर व वदन को ढककर निकले. विशेष रूप से बच्चों का देखभाल करें, ताकि उन्हें लू से बचाया जा सके.
-डॉ संजय कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, जहानाबाद
इस तरह करें गर्मी से बचाव
अधिक से अधिक पानी का सेवन करें
त्वचा को झुलसने से बचाने के लिए कपड़े का इस्तेमाल करें
खाली पेट घर से बाहर न निकले
चेहरे व सिर कपड़े से ढककर ही बाहर निकले
ग्लूकोज व नींबू-पानी का अधिक प्रयोग करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो
खाने में ताजा फल व सलाद का अधिक प्रयोग करें
आंखों को तेज धूप और गर्म हवाओं को बचाने के लिए चश्मा का इस्तेमाल करें
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन