बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया रोड जाम
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 10 Mar 2026 8:58 PM
गिद्धौर-जमुई बाइपास पर कोल्हुआ चौक के समीप मंगलवार को बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से 62 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
गिद्धौर. गिद्धौर-जमुई बाइपास पर कोल्हुआ चौक के समीप मंगलवार को बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से 62 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतका की पहचान जमुई थाना क्षेत्र के निमारंग गांव निवासी बिरजू साव की पत्नी रुको देवी (62) के रूप में की गयी है. घटना के संबंध में मृतका के पुत्र रतन साह ने बताया कि मां को लेकर बाइक से अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने निमारंग से लक्ष्मीपुर प्रखंड के दिघ्घी सुखासन गांव जा रही थीं. इसी दौरान गिद्धौर-जमुई बाईपास मार्ग पर कोल्हुआ चौक के पास बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये. दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गिद्धौर-कोल्हुआ होते हुए जमुई जाने वाले बाईपास मार्ग को जाम कर दिया. बताया जाता है कि ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से बालू लदे वाहनों का बेतरतीब परिचालन होता है, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने प्रशासन से इस पर नियंत्रण लगाने की मांग की है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर के प्रभारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ अवर निरीक्षक रंजीत कुमार राय, मनीष कुमार, पंकज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए. समाचार भेजे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस स्थिति को सामान्य कराने का प्रयास कर रही थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










