पंचायत खत्म होते ही बढ़ा विवाद, लाठी-रॉड चलने से छह लोग घायल

Edited by AMIT KUMAR SINH
Updated:
विज्ञापन

Jamui News : जमीन विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक हिंसा में बदल गई. पंचायत खत्म होने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी और लोहे के रॉड चलने लगे. मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि गांव में तनाव का माहौल बन गया.

विज्ञापन

जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट :

जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र स्थित इस्लामनगर गांव में जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई पंचायत के बाद हिंसक झड़प हो गई. दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में करीब छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई.

पंचायत के बाद अचानक बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार गरही पंचायत भवन में रविवार देर शाम जमीन विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच ग्रामीणों और पंचों की मौजूदगी में बैठक हुई थी. पंचायत खत्म होने के बाद पंच और दोनों पक्ष के लोग विवादित जमीन देखने जा रहे थे.इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करने लगे.

लाठी व लोहे के रॉड से हमला, मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से लाठी और लोहे के रॉड चलने लगे. अचानक हुई हिंसा से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे.घटना में एक पक्ष के मोहम्मद बशीरुद्दीन, मोहम्मद बेलाल और मोहम्मद साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया.वहीं दूसरे पक्ष के मोहम्मद फारूक, पूर्व मुखिया मोहम्मद कलीम अंसारी सहित दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खैरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ मामले की जांच भी शुरू कर दी है.पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटा रही है. जमीनी विवाद को लेकर हुई इस हिंसक घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन