जमुई में रात में वाहनों पर पत्थरबाजी, लूटपाट की आशंका से दहशत में चालक

Jamui News
Jamui News: जमुई-चकाई मुख्य मार्ग स्थित बटिया घाटी में देर रात अज्ञात बदमाशों ने कई वाहनों पर पत्थर बरसाए. हमले में वाहनों के शीशे टूट गए और चालक किसी तरह बिना रुके घाटी पार कर जान बचाने में सफल रहे.
Jamui News: सोनो, जमुई से रिपोर्ट — जमुई-चकाई मुख्य मार्ग पर स्थित बटिया घाटी में सोमवार देर रात एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया. अज्ञात बदमाशों ने घाटी से गुजर रहे कई वाहनों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंककर हमला कर दिया. इस घटना में कई वाहनों के शीशे टूट गए. वाहन चालकों का आरोप है कि बदमाशों की मंशा लूटपाट करने की थी, लेकिन चालक बिना वाहन रोके तेजी से आगे निकल गए, जिससे बड़ी घटना टल गई.
चिरेन पुल के पास अचानक शुरू हुआ हमला
पीड़ित चालकों के अनुसार घटना देर रात उस समय हुई जब वे चकाई की ओर से अपने वाहन लेकर लौट रहे थे. बटिया घाटी स्थित चिरेन पुल के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने अचानक वाहनों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. बड़े पत्थर लगने से कई वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए.
वाहन रोकते तो हो सकती थी लूटपाट
ललदैया निवासी हाइवा चालक शंभु यादव और मोहनपुर निवासी रोहित कुमार ने बताया कि हमलावरों की योजना संभवतः वाहन रुकवाकर लूटपाट करने की थी. चालकों ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोके और सीधे घाटी पार कर गए. उन्होंने बताया कि उनके दोनों हाइवा वाहनों के अलावा एक मैजिक वाहन भी हमले की चपेट में आया.
फिर बढ़ने लगा बटिया घाटी का डर
एक समय वाहन लूट की घटनाओं के कारण बदनाम रही बटिया घाटी में पुलिस की सख्ती के बाद लंबे समय से शांति थी. चालक रात में भी बिना डर इस रास्ते से गुजर रहे थे. लेकिन सोमवार रात की घटना ने एक बार फिर पुराने खौफ को ताजा कर दिया है.
पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग
घटना के बाद वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने घाटी क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्ती नहीं की गई तो अपराधी फिर सक्रिय हो सकते हैं. फिलहाल घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
Also Read: बिहार में वीडियो कॉल से होगी आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी, पूरे बिहार में लागू होगी नई व्यवस्था
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










