जमुई के इस गांव को मिली पोस्टल पहचान, अब ढंढ शाखा डाकघर से मिलेगी डाक सेवा

सांकेतिक तस्वीर
Jamui News: जमुई के लखनपुर गांव के लोगों का वर्षों पुराना डाक सेवा का इंतजार खत्म हो गया है. अब गांव की डाक सेवाएं जमुई के ढंढ शाखा डाकघर से संचालित होंगी, जिससे ग्रामीणों को समय पर सुविधाएं मिलेंगी और उनकी पुरानी समस्या का समाधान होगा.
Jamui News: जमुई जिले के सदर प्रखंड स्थित लखनपुर गांव के लोगों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. अब इस गांव की डाक सेवाएं लखीसराय जिले के गोपालपुर शाखा डाकघर के बजाय जमुई के ढंढ शाखा डाकघर से संचालित होंगी. इस फैसले से न केवल ग्रामीणों को डाक, पार्सल और बैंकिंग सेवाएं समय पर मिल सकेंगी, बल्कि उन्हें अब अपने पते में लखीसराय जिला लिखने की मजबूरी से भी छुटकारा मिल जाएगा. केंद्रीय संचार मंत्रालय के इस निर्णय को ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.
लखनपुर गांव को मिली नई पहचान
अब तक लखनपुर गांव गोपालपुर शाखा डाकघर के क्षेत्राधिकार में आता था, जो लखीसराय जिले में स्थित है. इस वजह से गांव के लोगों को अपने डाक पते में लखीसराय जिला लिखना पड़ता था, जबकि गांव प्रशासनिक रूप से जमुई जिले में आता है.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद लखनपुर गांव को जमुई जिले के ढंढ शाखा डाकघर से जोड़ा जाएगा. इससे गांव की पहचान भी अपने जिले के साथ जुड़ जाएगी.
अब समय पर मिलेगी डाक और सरकारी सेवाएं
डाकघर बदलने के बाद ग्रामीणों को डाक, पार्सल, बैंकिंग सुविधाएं और सरकारी पत्राचार पहले की तुलना में अधिक सुगमता और समय पर मिल सकेंगे.
अब तक गोपालपुर डाकघर अधिक दूरी पर होने के कारण डाक वितरण में अक्सर देरी होती थी. इससे सरकारी दस्तावेजों और अन्य जरूरी पत्रों के आदान-प्रदान में भी परेशानी होती थी.
Jamui News: दूरी कम होने के आधार पर लिया गया फैसला
केंद्रीय संचार मंत्रालय की जांच में पाया गया कि लखनपुर गांव से ढंढ शाखा डाकघर की दूरी लगभग 2 किलोमीटर है, जबकि गोपालपुर शाखा डाकघर करीब 4 किलोमीटर दूर स्थित है.
इसी आधार पर जनहित को देखते हुए मंत्रालय ने लखनपुर गांव को गोपालपुर शाखा डाकघर के बजाय ढंढ शाखा डाकघर के अधिकार क्षेत्र में शामिल करने का निर्णय लिया.
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक आदेश जारी किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के पत्र के बाद मिली मंजूरी
इस मामले को लेकर बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री तथा जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया को पत्र लिखकर लखनपुर गांव की समस्या से अवगत कराया था.
उन्होंने अनुरोध किया था कि गांव को ढंढ शाखा डाकघर के अंतर्गत लाया जाए, ताकि ग्रामीणों को डाक सेवाओं के लिए दूसरे जिले पर निर्भर नहीं रहना पड़े.
मामले की समीक्षा के बाद केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने 22 जून 2026 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी.
Jamui News: ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
लखनपुर के ग्रामीण लंबे समय से गांव को जमुई जिले के ढंढ डाकघर से जोड़ने की मांग कर रहे थे. उनका कहना था कि दूसरे जिले के डाकघर से जुड़े होने के कारण उन्हें अनावश्यक प्रशासनिक और व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था.
अब इस फैसले के बाद गांव के लोगों को न केवल सुविधाजनक डाक सेवा मिलेगी, बल्कि सरकारी कामकाज और दस्तावेजों के आदान-प्रदान में भी आसानी होगी.
श्रेयसी सिंह ने जताया आभार
फैसले के बाद श्रेयसी सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय लखनपुर गांव के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है और उन्हें बेहतर डाक सेवाओं का लाभ मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी लागू, इस तारीख से शुरू होगा आवेदन, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
इसे भी पढ़ें: लालू प्रसाद यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, जांच के लिए पटना के IGIMS ले जाया गया, कल जाएंगे दिल्ली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










