ममता बनर्जी की टिप्पणी के खिलाफ पीआईएल, हाईकोर्ट ने कहा- हथियार की तरह हो रहा जनहित याचिकाओं का इस्तेमाल
बांग्लादेशी कार्यकर्ता की हत्या पर ममता बनर्जी की टिप्पणी के विरोध में दायर जनहित याचिका पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने सवाल उठाए हैं. कोर्ट ने कहा कि आजकल जनहित याचिकाओं का इस्तेमाल ध्यान आकर्षित करने के लिए 'खास औजार' के रूप में हो रहा है. जानिए इस मामले की अगली सुनवाई कब है.
बांग्लादेशी कार्यकर्ता की हत्या के संबंध में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी की कथित टिप्पणी के विरोध में एक जनहिता याचिका (पीआईएल) दायर की गयी है. इस याचिका पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट ने मंगलवार को कहा कि जनहित याचिकाओं का इस्तेमाल ‘खास औजार या हथियार’ के रूप में किया जा रहा है. खंडपीठ ने पूछा कि यह याचिका जनहित याचिका के रूप में सुनवाई योग्य कैसे है.
याचिका को क्यों माना जाये पीआईएल : खंडपीठ
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश तपब्रत चक्रवर्ती और न्यायमूर्ति अतारूप बनर्जी की खंडपीठ ने पूछा कि इस याचिका को जनहित याचिका क्यों माना जाये. कोर्ट ने मौखिक टिप्पणी में कहा कि ध्यान आकर्षित करने के लिए ‘आजकल जनहित याचिकाओं का इस्तेमाल खास औजार या हथियार के रूप में किया जा रहा है.’
जनहित याचिका में क्या?
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने दिसंबर 2025 में ढाका में बांग्लादेशी कार्यकर्ता शरीफ उसमान हादी की हत्या को लेकर कुछ विवादित टिप्पणियां की थीं. इसकी वजह से भारत के राष्ट्रीय हित पर असर पड़ा. याचिकाकर्ता ने खंडपीठ के समक्ष दावा किया कि ये टिप्पणियां 2 जून को कोलकाता में एक राजनीतिक रैली के दौरान की गयी थीं. याचिकाकर्ता ने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शासकीय गोपनीयता अधिनियम का पालन करने के लिए बाध्य थीं.
ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, राष्ट्रविरोधी टिप्पणी करने का आरोप
ममता बनर्जी के वकील ने याचिका पर उठाये सवाल
तृणमूल नेता के वकील कल्याण बंद्योपाध्याय और अर्क कुमार नाग ने दावा किया कि याचिकाकर्ता यह नहीं बता सका कि शासकीय गोपनीयता अधिनियम के किस प्रावधान का उल्लंघन हुआ है.
14 सितंबर को फिर होगी सुनवाई
राज्य सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त महाधिवक्ता राजदीप मजूमदार ने अदालत को बताया कि जांच में यह पुष्टि हुई है कि याचिकाकर्ता उस स्थान पर मौजूद नहीं था और वहां किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. याचिकाकर्ता के वकील ने अपने मुवक्किल से निर्देश लेने के लिए समय मांगा, जिसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई की अगली तारीख 14 सितंबर तय की.
ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी का बड़ा दावा: बांग्लादेश में हुई हत्या पर गृह मंत्री ने करवाया फोन; मामला दबाने को कहा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए