गिद्धौर बाजार में लगा जाम, घंटों फंसे रहे एंबुलेंस व स्कूली बस
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 13 Mar 2026 9:32 PM
गिद्धौर बाजार इन दिनों नित्य भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है. गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर लार्ड मिंटो टॉवर चौक के पास बालू लदे ट्रकों की लंबी कतार लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है.
गिद्धौर. गिद्धौर बाजार इन दिनों नित्य भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है. गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर लार्ड मिंटो टॉवर चौक के पास बालू लदे ट्रकों की लंबी कतार लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. परिणामस्वरूप आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शुक्रवार को भी मुख्य सड़क से लेकर कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम, थाना चौक होते हुए पेट्रोल पंप तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही और वाहन रेंगते नजर आये. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से शाम तक व्यस्त समय में बालू लदे भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. संकरी सड़क और अनियंत्रित ढंग से खड़े वाहनों के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है. जाम की स्थिति ऐसी हो जाती है कि एंबुलेंस, स्कूल वाहन, बाइक सवार और आम राहगीर सभी घंटों फंसे रहते हैं. कई बार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी देरी हो जाती है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति असंतोष देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गिद्धौर बाजार में जाम की समस्या अब आम बात हो गई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. लगातार लगने वाले जाम और अव्यवस्थित ढंग से गुजरते मालवाहक ट्रकों के कारण आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. दुर्भाग्यपूर्ण यह भी है कि जाम के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन की ओर से कोई त्वरित पहल नहीं की जाती है. स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए तथा नियमित ट्रैफिक नियंत्रण की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










