जर्जर पुलिया से आवागमन प्रभावित, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

Updated at : 11 Mar 2026 9:07 PM (IST)
विज्ञापन
जर्जर पुलिया से आवागमन प्रभावित, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

प्रखंड के पतसंडा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या पांच में उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप तीनमुहाने पर बना ग्रामीण पुलिया इन दिनों जर्जर अवस्था में पहुंच गया है.

विज्ञापन

गिद्धौर. प्रखंड के पतसंडा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या पांच में उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप तीनमुहाने पर बना ग्रामीण पुलिया इन दिनों जर्जर अवस्था में पहुंच गया है. पुलिया की खराब स्थिति के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की है. बताया जाता है कि पतसंडा पंचायत के वार्ड पांच से होकर गुजरने वाली इस पीसीसी सड़क और पुलिया से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. ग्रामीणों के अनुसार पुलिया का निर्माण वर्षों पहले किया गया था और निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की गयी थी. परिणामस्वरूप पुलिया अब जगह-जगह से टूटकर जर्जर हो चुकी है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की ऊंचाई सड़क से अधिक होने के कारण अक्सर छोटे-बड़े वाहन यहां फंस जाते हैं. दोपहिया, चारपहिया वाहन, स्कूल बस और सवारी टेंपो के चालकों को यहां से गुजरने में काफी कठिनाई होती है. कई बार वाहन दुर्घटना का भी शिकार हो चुके हैं. पुलिया की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि भारी वाहनों के दबाव से यह दरकने लगी है और कभी भी ध्वस्त होने की आशंका बनी हुई है. ग्रामीण रामानंद सिंह, पन्ना सिंह, राजू राम, निर्भय कुमार, रॉकी कुमार, निरंजन राम, शिवम कुमार व चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि जर्जर पुलिया के कारण विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. ऐसे में यहां दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है. ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की है.

क्या कहते हैं बीपीआरओ

प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि जल्द ही पुलिया की स्थिति का आकलन कराया जाएगा और समस्या के समाधान को लेकर आवश्यक पहल की जायेगी.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन