विधायक ने किया सीएचसी का निरीक्षण, मरीजों को बेहतर सुविधा देने का निर्देश

विधायक दामोदर रावत बुधवार को दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर का निरीक्षण किया.
गिद्धौर. विधायक दामोदर रावत बुधवार को दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा अस्पताल प्रबंधन से जुड़े चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में विधायक ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के कक्षों का दौरा कर वहां की स्थिति का अवलोकन किया. उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अस्पताल की कार्यप्रणाली और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर उन्हें अवगत कराने को कहा. विधायक दामोदर रावत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जाएं. इसके लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को जनहित में ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही. साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. इस दौरान अस्पताल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की ओर भी विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया गया. इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर प्राथमिकता के साथ प्रयास किया जायेगा. मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य टुनटुन रावत, बीसीएम निधि कुमार, मोहन कुमार दास समेत कई चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




