राष्ट्रीय बैठक में जमुई के डीईओ ने किया बिहार का प्रतिनिधित्व, खुशी
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 09 Mar 2026 9:02 PM
जिले के लिए सोमवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र में गर्व का रहा. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) दयाशंकर सिंह नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय परामर्शदात्री बैठक में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
जमुई. जिले के लिए सोमवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र में गर्व का रहा. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) दयाशंकर सिंह नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय परामर्शदात्री बैठक में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. यह दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के श्री अरबिंदो मार्ग स्थित मुख्यालय में आयोजित की गई है, जिसमें देशभर के शिक्षा विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं. बैठक में शिक्षकों की भावी भर्ती नीति, पारदर्शी पदस्थापन व्यवस्था तथा इससे जुड़ी चुनौतियों और संभावित समाधान पर मंथन किया जा रहा है. शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस राष्ट्रीय स्तर की बैठक का आयोजन किया गया है. शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के निदेशक (प्रशासन) मनोरंजन कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्य से इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए केवल दो अधिकारियों का चयन किया गया है. इनमें जमुई के जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह तथा प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के उपनिदेशक प्रफुल्ल कुमार मिश्रा शामिल हैं. डीईओ दयाशंकर सिंह का चयन उनकी कार्यकुशलता और शैक्षिक प्रबंधन में सक्रिय भूमिका का प्रमाण माना जा रहा है. साथ ही इसे जमुई जिले के शिक्षा तंत्र को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में भी देखा जा रहा है. इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दयाशंकर सिंह को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के एक अधिकारी को राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्धारण की प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिला है. उनके अनुभव और सुझाव शिक्षकों की भर्ती एवं पदस्थापन प्रणाली को और मजबूत बनाने में सहायक होंगे. 10 मार्च तक चलने वाली इस बैठक में देशभर में शिक्षकों के चयन की आधुनिक प्रणाली तथा विद्यालयों में उनके न्यायसंगत नियोजन के लिए एक समन्वित दृष्टिकोण विकसित करने पर चर्चा हो रही है. जिला के शिक्षा कर्मियों और शिक्षक संगठनों ने भी डीईओ की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










