वार्षिक कला प्रतियोगिता में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 14 Mar 2026 10:05 PM
स्वामी विवेकानंद विद्यापीठ सिमुलतला में आयोजन
सिमुलतला. प्रकृति की सुरम्य वादियों के बीच स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यापीठ सिमुलतला में शनिवार को वार्षिक कला प्रतियोगिता के उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक प्रमुख डॉ यूपी गुप्ता ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया. विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला. छात्र-छात्राओं ने स्टोरी टेलिंग, कविता पाठ, फाइन आर्ट, गायन, नृत्य, नाटक तथा छऊ डांस जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. रंग-बिरंगे परिधानों और आत्मविश्वास से भरे मंचन ने उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस अवसर पर निदेशक प्रमुख डॉ यूपी गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कला और संस्कृति बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है. ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें अपनी छिपी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देती हैं. उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के अंदर रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है.
विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त हॉस्टल की सुविधा
डॉ गुप्ता ने बताया कि स्वामी विवेकानंद विद्यापीठ को लगभग चार माह पूर्व ही सीबीएसई बोर्ड से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए मान्यता प्राप्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि आगामी 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है. सीबीएसई बोर्ड के तहत नामांकन कराने वाले विद्यार्थियों के लिए विद्यालय में आधुनिक और टॉप क्लास हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रशिक्षित और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी. इसके साथ ही विद्यार्थियों के खेलकूद, कराटे, योगा तथा मानसिक और शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बच्चे शिक्षा के साथ-साथ जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें. कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था. विद्यालय परिवार ने भी उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










