लोक कल्याण के लिए भगवान शिव ने किया विषपान, कहलाये नीलकंठ : स्वामी कैलाशानंद गिरि
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 12 Mar 2026 9:36 PM
सिमुलतला में आयोजित श्री श्री 1008 स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही श्री शिव महापुराण कथा से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया है.
सिमुलतला. सिमुलतला में आयोजित श्री श्री 1008 स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही श्री शिव महापुराण कथा से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया है. कथा स्थल पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर स्वामी जी की ओजस्वी वाणी का श्रवण कर रहे हैं. जैसे ही व्यासपीठ से स्वामी जी नमः शिवाय का उद्घोष करते हैं, पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठता है. कथा के दौरान स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि शिव महापुराण हमें अहंकार का त्याग कर भगवान शिव की शरण में आने का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि भगवान शिव केवल संहार के देवता ही नहीं, बल्कि परम कल्याणकारी और जगत के गुरु हैं. मनुष्य जब अपने भीतर के अंधकार को मिटाकर महादेव की शरण में आता है, तो उसके जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते हैं. स्वामी जी ने शिव और शक्ति के मिलन, अर्धनारीश्वर स्वरूप तथा लोक कल्याण के लिए विषपान कर नीलकंठ बनने की कथा को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया. उनके प्रवचन से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और कई श्रोताओं की आंखें नम हो गयीं. कथा महोत्सव की चर्चा अब स्थानीय ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है. स्वामी जी के फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथा के वीडियो और लाइव प्रसारण को लाखों लोग देख रहे हैं. वहीं संस्कार टीवी के माध्यम से भी यह कथा घर-घर तक पहुंच रही है, जिससे सिमुलतला आध्यात्मिक मानचित्र पर विशेष पहचान बना रहा है. बताया जाता है कि 9 मार्च से 15 मार्च 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव के लिए आयोजकों द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं. कथा के साथ प्रतिदिन आरती और भजन संध्या का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं. कथा के दौरान आचार्य पवन दत्ता और प्रमोद पांडेय द्वारा पंचदेवता पूजन भी कराया जा रहा है. इस अवसर पर जयदेव जी महाराज, प्रमोद पांडेय, सुनील पांडेय, सतीश राय, चंदन पांडेय तथा बैद्यनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ पारा मेडिकल साइंसेज परिवार के निदेशक सतीश पाश्यावुला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










