बारिश से सदर अस्पताल परिसर बना तालाब
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 14 Sep 2024 9:59 PM
इमरजेंसी कक्ष, ब्लड बैंक, एसएनसीयू, एसीएमओ कार्यालय तथा सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप जमा है पानी
जमुई. जिले में हो रही झमाझम बारिश से एक ओर जहां मौसम सुहाना हो गया है. लोगों को गर्मी से राहत मिली है. वहीं दूसरी ओर जलजमाव से सदर अस्पताल परिसर तालाब में तब्दील हो गया है. शुक्रवार की देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश शनिवार की शाम तक जारी रहने के कारण सदर अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष, ब्लड बैंक, एसएनसीयू, एसीएमओ कार्यालय तथा सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप जलजमाव हो गया है. इस कारण इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों व उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
समय पर नालों की होती उड़ाही, तो नहीं होती परेशानी
इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे सिकंदर प्रखंड क्षेत्र के रामा कुमारी, सदर प्रखंड क्षेत्र के इंदपे गांव निवासी सियाशरण मिश्रा, महाराजगंज निवासी प्रभात कुमार, रोहित गुप्ता, गरसंडा गांव निवासी टिंकू पासवान आदि ने बताया कि यदि समय पर नालों की उड़ाही करा दी जाती, तो सदर अस्पताल का यह हाल नहीं होता. अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही कारण हमेशा बारिश के बाद सदर अस्पताल परिसर में जल जमाव हो जाता है. इससे इलाज कराने आये मरीजों और उनके परिजनों को फजीहत झेलनी पड़ रही है. मरीज के साथ उनके परिजन भी अस्वस्थ होने लगते हैं. बताते चलें कि सदर अस्पताल की साफ-सफाई को लेकर प्रतिमाह लाखों रुपये खर्च किये जा रहे हैं. इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.
कहते हैं सदर अस्पताल प्रबंधक
सदर अस्पताल प्रबंधक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि अस्पताल परिसर के बाहर का नाला जाम रहने के कारण इस तरह की समस्या उत्पन्न हो रही है. इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारी को कई बार दी गयी है. वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार जल्द ही जल जमाव की समस्या को दूर कर दिया जायेगा. फिलहाल जल जमाव से निजात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










