हथियार दिखा सीएसपी से की तीन लाख रुपये की लूट

लछुआड़ थाना क्षेत्र के लछुआड़ बेलदरिया गांव में मंगलवार को दो नकाबपोश अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर बिहार ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से तीन लाख रुपये लूट लिये.
सिकंदरा. लछुआड़ थाना क्षेत्र के लछुआड़ बेलदरिया गांव में मंगलवार को दो नकाबपोश अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर बिहार ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से तीन लाख रुपये लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गये. घटना के संबंध में सीएसपी संचालिका नावाडीह गांव निवासी नेहा कुमारी व उनके पति बिनोद महतो ने बताया कि वे रोज की तरह ग्राहकों का जमा-निकासी का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान गमछा से चेहरा ढंके दो अपराधी पिस्तौल लेकर सीएसपी के अंदर घुस गये और हथियार का भय दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद सीएसपी में रखे करीब तीन लाख रुपये लूटकर बाइक से फरार हो गये. सीएसपी संचालिका ने दो में से एक अपराधी को पहचानने का दावा किया है. नेहा कुमारी ने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने वालों में से एक उनके ही गांव नवाडीह निवासी टिंकू यादव है. घटना की सूचना मिलते ही लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. वहीं एसडीपीओ सतीश सुमन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. एसडीपीओ के नेतृत्व में सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार, लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार व चंद्रदीप थानाध्यक्ष राजेंद्र साह चिह्नित अपराधी टिंकू यादव की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रहे हैं.
पेशेवर अपराधी है टिंकू यादव, पहले भी जा चुका है जेल : एसडीपीओ
इस संबंध में एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि लूट की घटना में शामिल नावाडीह गांव निवासी टिंकू यादव की पहचान कर ली गयी है. उसकी गिरफ्तारी के लिए जमुई जिले के साथ-साथ नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि टिंकू यादव एक पेशेवर अपराधी है और पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है. सिकंदरा, लछुआड़ व नवादा जिले के कौआकोल थाना में दर्ज कई कांडों का वह नामजद अभियुक्त है. एसडीपीओ ने बताया कि वर्ष 2019 में भी लछुआड़ बेलदरिया गांव में एसबीआइ के सीएसपी में हुई लूट की घटना में टिंकू यादव शामिल था और उस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




