गैस आपूर्ति की कालाबाजारी करने पर एजेंसी का लाइसेंस होगा रद्द : डीएम

जिले में गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
जमुई. जिले में गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी. जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने सोमवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में ऊर्जा सुरक्षा एवं ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए कालाबाजारी करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं को गुमराह करने या अवैध भंडारण में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित एजेंसी का लाइसेंस रद्द कर दिया जायेगा. बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल व एचपीसीएल सहित सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मौजूद थे. समीक्षा के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में प्रतिदिन 20,680 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है, जबकि मांग 11,767 सिलेंडरों की ही है. साथ ही गोदामों में करीब 7,980 सिलेंडर का अतिरिक्त स्टॉक भी उपलब्ध है. डीएम ने इन आंकड़ों के आधार पर स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें.
बुकिंग नियम हुए सख्त
वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने बुकिंग अंतराल को लेकर नये निर्देश जारी किये हैं. अब शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर ही गैस बुकिंग की जा सकेगी. वहीं, होम डिलीवरी के कम से कम 45 दिन बाद ही अगली बुकिंग संभव होगी.पीएनजी अपनाने पर जोर
डीएम ने सुरक्षित और आधुनिक ईंधन विकल्प के रूप में पीएनजी के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए कनेक्शन के आवेदनों पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे सिलेंडर पर निर्भरता कम कर पीएनजी को अपनाएं.फॉल्स डिलीवरी पर कड़ी नजर
बैठक में फॉल्स डिलीवरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी को जांच का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बिना सिलेंडर पहुंचाए डिलीवरी दिखाने वाली एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. साथ ही विशेष ‘धावा दल’ को औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं.शिकायत के लिए कंट्रोल रूम
आम लोगों की सुविधा के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. उपभोक्ता 06345-222001 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




