नवाचार व तकनीकी दक्षता में जमुई की ''टीम ड्यूल कोर'' बनी विजेता

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में शुक्रवार को कोड क्लब के तत्वावधान में आयोजित 24 घंटे का राष्ट्रीय स्तर का हैकथॉन का आयोजन किया गया.
जमुई. राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में शुक्रवार को कोड क्लब के तत्वावधान में आयोजित 24 घंटे का राष्ट्रीय स्तर का हैकथॉन का आयोजन किया गया. इस आयोजन का नेतृत्व प्राचार्य डॉ आशीष कुमार ने किया, जबकि कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो श्रीतोष कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष डॉ ब्रजेश कुमार व फैकल्टी कोऑर्डिनेटर प्रो मनीष कुमार व प्रो देबेश कुमार शांडिल्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा. आयोजन को लेकर संस्थान परिसर में पूरे समय उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा, जहां देशभर से आए प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया. इस राष्ट्रीय स्तरीय हैकथॉन के लिए देश के विभिन्न शहरों से प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर पंजीकरण कराया था. बहु-स्तरीय और कड़े चयन प्रक्रिया के बाद 15 टीमों को फाइनल ऑफलाइन राउंड के लिए चुना गया. इनमें कोलकाता, पटना, रांची, बेगूसराय और लखीसराय सहित कई शहरों की टीमें शामिल थीं. 24 घंटे तक चली इस लगातार प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नवाचार, तकनीकी दक्षता व समस्या समाधान की अद्भुत क्षमता दिखायी. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच जीईसी जमुई की ‘टीम ड्यूल कोर’ ने पहला स्थान हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि आरआरएसडीसीई, बेगूसराय की ‘टीम मास्टर्स’ उपविजेता रही. विजेता टीम को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 5 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. आयोजन की सफलता में कोड क्लब के मुख्य सदस्यों अनिकेश, प्रिंस, जिया, संजीव, शिवम, सोनमणि, आस्था, कृष्णमोहन और स्वाधीन की अहम भूमिका रही. इसके अलावा अन्य सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया. इस मौके पर प्राचार्य डॉ आशीष कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों में नवाचार, टीमवर्क और समस्या समाधान की क्षमता को मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि 24 घंटे तक लगातार काम करना छात्रों की तकनीकी दक्षता के साथ-साथ उनकी मानसिक मजबूती को भी दर्शाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




