अपहृत प्रधानाध्यापक नकटी डैम के पास से बरामद
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 15 Mar 2026 9:28 PM
बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के अपहृत प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास को पुलिस ने बीते शनिवार देर रात झाझा थाना क्षेत्र के सर्किल नंबर एक अंतर्गत नकटी डैम के पास से बरामद कर लिया.
झाझा. बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के अपहृत प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास को पुलिस ने बीते शनिवार देर रात झाझा थाना क्षेत्र के सर्किल नंबर एक अंतर्गत नकटी डैम के पास से बरामद कर लिया. बरामद शिक्षक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया. जानकारी के अनुसार, प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास बीते 12 मार्च से लापता थे. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी. इसी क्रम में शनिवार देर रात उन्हें नकटी डैम के पास से बरामद किया गया. पुलिस फिलहाल बरामद शिक्षक से पूछताछ कर रही है और अपहरण में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चला रही है. हालांकि, कालेश्वर दास नकटी डैम के पास कैसे पहुंचे, कब पहुंचे और अपहरण के दौरान फिरौती की मांग की गयी थी या नहीं, इस संबंध में पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट बताने से परहेज कर रही है. वहीं बरामद शिक्षक भी फिलहाल इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं. थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षक की बरामदगी के बाद अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा. एसडीपीओ राजेश कुमार ने भी शिक्षक के सकुशल बरामद होने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










