जमुई में आदर्श विद्यालयों में शुरू होगी शिक्षकों की बहाली, जानें पूरा शेड्यूल
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 30 May 2026 11:36 AM
जमुई में आदर्श विद्यालयों में शुरू होगी शिक्षकों की बहाली
Jamui Teacher Recruitment 2026: जमुई में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. आवेदन से लेकर चयन सूची जारी होने तक का पूरा कार्यक्रम तय कर दिया गया है.
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट
Jamui Teacher Recruitment 2026: जिले के सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है. बिहार सरकार के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर जिला प्रशासन जल्द ही आवेदन आमंत्रित करेगा. “उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य” कार्यक्रम के तहत होने वाली इस भर्ती को जिले की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
1 जून से शुरू होगा आवेदन, 13 जून को आएगी चयन सूची
माध्यमिक शिक्षा निदेशक संजय आरो द्वारा जारी निर्देश के अनुसार भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी. अभ्यर्थियों से 1 जून से 4 जून 2026 तक आवेदन लिए जाएंगे. इसके बाद 5 जून से 7 जून तक आवेदन पत्रों की जांच और परीक्षा की प्रक्रिया होगी.

आवेदन जांच के बाद 8 जून से 12 जून तक चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा. पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 13 जून 2026 को अंतिम चयन सूची प्रकाशित कर दी जाएगी.
पारदर्शी होगी पूरी चयन प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी. राज्य स्तरीय समिति की बैठक 27 मई 2026 को आयोजित की जा चुकी है, जिसमें आदर्श विद्यालयों में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई.
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया आधार
सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में होने वाली यह नियुक्ति जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है. शिक्षा विभाग का मानना है कि योग्य शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सकेगा.
जल्द जारी होंगे विस्तृत दिशा-निर्देश
भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, योग्यता, विषयवार रिक्तियां और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी जल्द ही जिला शिक्षा कार्यालय, जमुई द्वारा जारी की जाएगी. इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला शिक्षा कार्यालय या जिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










