कोढ़ा गिरोह के बाद अब तिवारी गैंग की एंट्री! जमुई में बढ़ी बाहरी अपराधियों की दहशत, लूट के मामले के उद्भेदन के बाद खुलासा
Published by : VINOD RAO Updated At : 29 May 2026 6:45 PM
विज्ञापन
जमुई में बेगूसराय का कुख्यात तिवारी गिरोह सक्रिय हो गया है. लुट के दो मामलों का उद्भेदन होने के बाद इसका खुलासा हुआ है. दरअसल बीते कुछ दिनों में जिले में हुई छिनतई और स्नेचिंग की घटनाओं के पुलिस उद्भेदन में जिस तरह बेगूसराय कनेक्शन सामने आया है, उसमें इसका कनेक्शन सामने आया है.
विज्ञापन
जमुई. बिहार के अलग-अलग जिलों में वर्षों से पुलिस के लिए सिरदर्द बने कोढ़ा गिरोह की सक्रियता के बीच अब जमुई में बेगूसराय का कुख्यात तिवारी गिरोह सक्रिय हो गया है. लूट के दो मामलों का उद्भेदन होने के बाद इसका खुलासा हुआ है. दरअसल बीते कुछ दिनों में जिले में हुई छिनतई और स्नेचिंग की घटनाओं के पुलिस उद्भेदन में जिस तरह बेगूसराय कनेक्शन सामने आया है, उसमें इसका कनेक्शन सामने आया है. इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों में लूट और चेन स्नेचिंग के मामले में कोढ़ा गिरोह की संलिप्तता भी सामने आई है.
जमुई में महिला के साथ हुई थी छिनतई दरअसल बीते 25 मई को जमुई सदर थाना क्षेत्र में झाझा बस स्टैंड निवासी शिक्षिका रश्मि सिन्हा से उस वक्त चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी, जब वह कोचिंग पढ़ाने जा रही थीं. बाइक सवार अपराधियों ने उनका सोने का जेवर छीन लिया और फरार हो गए थे. इस मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद कटिहार से जेवरात बरामद किया है. जांच में कुख्यात कोढ़ा गिरोह की संलिप्तता सामने आई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार कोढ़ा गिरोह बिहार के कई जिलों में वर्षों से सक्रिय है और पल भर में स्नेचिंग, चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाता है. यही वजह है कि यह गिरोह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है. इसके साथ ही जमुई सदर थाना पुलिस ने खैरा थाना क्षेत्र के झुंडो गांव की एक महिला से 70 हजार रुपए नकद की छिनतई मामले में पुलिस ने बेगूसराय जिले के तेघड़ा निवासी अभय मिश्रा को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में वह तिवारी गिरोह का सदस्य निकला. खास बात यह है कि इससे पहले 17 अप्रैल को झाझा थाना क्षेत्र के संसारपुर निवासी विशुनदेव मांझी से अपराधियों ने दो लाख रुपए की छिनतई कर ली थी. उस मामले का भी हाल में झाझा पुलिस ने उद्भेदन किया था और बेगूसराय से सन्नी मिश्रा नामक अपराधी को गिरफ्तार किया गया था. वह भी तिवारी गिरोह से जुड़ा बताया गया. लगातार दो मामलों में तिवारी गिरोह का नाम सामने आने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि अब जमुई जिले में बाहरी संगठित अपराधी गिरोह सक्रिय हो चुके हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और जल्द ही बड़े खुलासे संभव हैं. वहीं आम लोगों में इस बात को लेकर डर है कि अगर समय रहते इन गिरोहों पर सख्ती नहीं हुई तो जिले में राह चलते लोगों को निशाना बनाने की घटनाएं और बढ़ सकती हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










