जमुई में नदी में नहाने गया 14 वर्षीय किशोर नहीं लौटा घर, देर शाम पानी में मिला शव

नदी नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की मौत
Jamui News: जमुई के लक्ष्मीपुर प्रखंड में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. नदी में स्नान करने गया 14 वर्षीय किशोर वापस घर नहीं लौटा. देर शाम उसकी तलाश के दौरान नदी में शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया.
लक्ष्मीपुर से नित्यानंद सिंह की रिपोर्ट
Jamui News: लक्ष्मीपुर (जमुई). मोहनपुर थाना क्षेत्र के हदहदिया गांव में नदी में डूबने से एक 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान हदहदिया निवासी मुकेश पंडित के पुत्र विकास कुमार पंडित के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शाम को नहाने गया, फिर नहीं लौटा घर
जानकारी के अनुसार विकास कुमार पंडित शुक्रवार की शाम अकेले नदी में स्नान करने गया था. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
तलाश के दौरान नदी में मिला शव
परिजनों और ग्रामीणों की तलाश के दौरान देर शाम नदी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया. पास जाकर देखने पर उसकी पहचान विकास कुमार पंडित के रूप में हुई. यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया गया.
गांव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस
किशोर की असामयिक मौत से पूरे हदहदिया गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी. वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










