झाझा नगर परिषद की सशक्त कमिटी के चुनाव के लिए मतदान शुरू, वार्ड पार्षदों में दिखा उत्साह
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 30 May 2026 11:03 AM
झाझा नगर परिषद की सशक्त कमिटी के चुनाव के लिए मतदान शुरू
Jhajha News: झाझा नगर परिषद की राजनीति में आज बड़ा दिन. स्थायी सशक्त कमिटी के तीन सदस्यों के चयन के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू, प्रशासन की कड़ी निगरानी में चल रहा चुनाव.
झाझा (जमुई) से ऋताम्बर सिंह की रिपोर्ट
Jhajha News: झाझा नगर परिषद की स्थायी सशक्त कमिटी के गठन को लेकर शनिवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई. तीन सदस्यों के चयन के लिए आयोजित इस चुनाव में नगर परिषद के वार्ड पार्षद हिस्सा ले रहे हैं. चुनाव को लेकर सुबह से ही प्रखंड कार्यालय परिसर में हलचल बनी रही और अधिकांश वार्ड पार्षद निर्धारित समय से पहले ही पहुंच गए. प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
तीन सदस्यों के चयन के लिए हो रहा मतदान
नगर परिषद की स्थायी सशक्त कमिटी नगर निकाय के महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है. इसी कमिटी के तीन सदस्यों के चयन के लिए शनिवार को मतदान कराया जा रहा है. चुनाव प्रक्रिया की निगरानी जिला स्तर से की जा रही है. पर्यवेक्षक के रूप में जिलास्तरीय अधिकारी बालमुकुंद प्रसाद मौजूद हैं.
बीडीओ सुनील कुमार चांद ने बताया कि चुनाव में नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षद भाग ले रहे हैं. सुबह 10 बजे तक 25 में से 23 वार्ड पार्षद चुनाव स्थल पर पहुंच चुके थे, जबकि दो पार्षदों के आने का इंतजार किया जा रहा था. निर्धारित समय पूरा होने के बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी गई.
प्रशासन की कड़ी निगरानी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. प्रखंड कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है. एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में झाझा थानाध्यक्ष एलबी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं. चुनाव स्थल के आसपास सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
अधिकारियों ने बताया कि मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया जिला प्रशासन की निगरानी में संचालित की जा रही है. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है.
शाम तक आएंगे नतीजे
स्थायी सशक्त कमिटी के लिए मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलने की संभावना है. इसके बाद मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किए जाएंगे. नगर परिषद की इस महत्वपूर्ण चुनावी प्रक्रिया पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की नजर बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










