जमुई में धर्मपुर के पास टेम्पू और बाइक में भीषण टक्कर, दो युवक गंभीर घायल, एक पटना रेफर
Published by : Shruti Kumari Updated At : 03 Jun 2026 9:42 AM
सड़क हादसे में घायल युवकों का अस्पताल में चल रहा उपचार
Jamui news: घायलों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के रबई गांव निवासी अमरजीत कुमार (पिता- राजू रजक) एवं गौतम गोस्वामी (पिता- अशोक गिरी) के रूप में हुई है.
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:
Jamui news: जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर गांव के समीप टेम्पू और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से एक युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.
घायलों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के रबई गांव निवासी अमरजीत कुमार (पिता- राजू रजक) एवं गौतम गोस्वामी (पिता- अशोक गिरी) के रूप में हुई है.
घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि दोनों युवक आपस में मित्र हैं और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाहर घूमने गए थे. घर लौटने के दौरान धर्मपुर गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेम्पू ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सड़क से उठाकर सिकंदरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान अमरजीत कुमार की हालत गंभीर पाई. इसके बाद उन्हें पहले सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया गया.
वहीं गौतम गोस्वामी का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
टेम्पू चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद टेम्पू चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है.
सड़क सुरक्षा को लेकर उठी मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










