संदेहास्पद स्थिति में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

झाझा थाना क्षेत्र की धमना पंचायत अंतर्गत गोबिंदपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान धनेश्वर यादव के 35 वर्षीय पुत्र अशोक यादव की बीते सोमवार देर संध्या गिद्धौर में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी.
गिद्धौर. झाझा थाना क्षेत्र की धमना पंचायत अंतर्गत गोबिंदपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान धनेश्वर यादव के 35 वर्षीय पुत्र अशोक यादव की बीते सोमवार देर संध्या गिद्धौर में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. परिजनों ने बताया कि अशोक यादव अपने गांव के ही साथी प्रदीप यादव के साथ गिद्धौर रेलवे स्टेशन बाजार आया था. यहां दोनों ने मिठाई खायी. कुछ देर बाद अचानक अशोक की तबीयत बिगड़ गयी और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद उसके साथी प्रदीप यादव ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए गिद्धौर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया. निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर भेज दिया. जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ प्रदीप कुमार ने जांच के बाद अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतक के पिता धनेश्वर यादव, माता चिंता देवी, पत्नी सरिता देवी, भाई प्रमोद यादव सहित अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं. परिजनों के अनुसार, अशोक यादव मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था और परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था. वह बैंगलौर में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था तथा कुछ दिन पूर्व ही किसी पूजा में शामिल होने के लिए घर आया हुआ था. मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता देवी, पुत्री मिष्टी कुमारी और पुत्र अवधेश कुमार को छोड़ गया है. घटना को लेकर परिजन संदेह जता रहे हैं. प्रभारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की सूचना झाझा थाना को दे दी गयी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम की भी सहायता ली जा रही है तथा विभिन्न बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में झाझा थाना में परिजनों द्वारा आवेदन देने की बात कही गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




