रेलवे के परित्यक्त भवनों पर चलेगा बुलडोजर

रेलवे परिसर में बने परित्यक्त भवनों और झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई को लेकर वहां रह रहे लोगों में चिंता बढ़ गयी है.
झाझा. रेलवे परिसर में बने परित्यक्त भवनों और झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई को लेकर वहां रह रहे लोगों में चिंता बढ़ गयी है. सोमवार को रेलवे परिसर स्थित बारोबारी दुर्गा मंदिर परिसर में सफाईकर्मियों व स्थानीय लोगों की बैठक की गयी, जिसमें सरकार और रेलवे प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की गयी. बैठक में मौजूद जंगली, गुड्डू कुमार, रोहित कुमार, गीता देवी समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने झुग्गी-झोपड़ी हटाने का निर्देश दिया है. साथ ही, एक सप्ताह के भीतर रेलवे के परित्यक्त भवनों और परिसर में बने अनधिकृत झोपड़ियों को हटाने को कहा गया है. लोगों ने कहा कि वे लोग वर्षों से रेलवे परिसर में रह रहे हैं और यहीं से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. आधे से अधिक लोग रेलवे में साफ-सफाई का काम करते हैं, जबकि कई लोग नगर परिषद के अंतर्गत अस्थायी रूप से सफाई कार्य से जुड़े हुए हैं. बैठक में लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर झुग्गी-झोपड़ी नहीं हटाई गई तो प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने की बात कही गई है. ऐसे में उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वे लोग अपने परिवार के साथ कहां जायेंगे. वहीं, वार्ड संख्या 16 की पार्षद लक्ष्मी देवी ने कहा कि महादलित बस्ती में रहने वाले सैकड़ों सफाईकर्मियों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी और रेलवे के अधिकारियों से मुलाकात कर लोगों के लिए उचित व्यवस्था की मांग की जाएगी, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




