हाइवा की ठोकर से ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, शिक्षिका की मौत, दो घायल

भीठरा गांव स्थित स्कूल के समीप सड़क दुर्घटना में ऑटो सवार एक शिक्षिका की मौत मौके पर ही हो गयी, जबकि अन्य दो लोग घायल हो गये.
सोनो. एनएच 333 सोनो–झाझा मुख्य मार्ग पर गुरुवार अहले सुबह भीठरा गांव स्थित स्कूल के समीप सड़क दुर्घटना में ऑटो सवार एक शिक्षिका की मौत मौके पर ही हो गयी, जबकि अन्य दो लोग घायल हो गये. मृतक महिला की पहचान शिवानी कुमारी (29) के रूप में की गयी. शिवानी का मायका सोनो से सटे खैरा थाना क्षेत्र के टिहिया गांव में था जबकि ससुराल लखीसराय जिला के बड़हिया में था. गुरुवार सुबह वह अपने मायके टिहिया से अपने ससुराल बड़हिया स्थित विद्यालय में योगदान देने के लिए घर से निकली थी. ऑटो में अन्य तीन यात्रियों के साथ वह झाझा रेलवे स्टेशन के लिए निकली लेकिन भीठरा स्कूल के समीप ऑटो को विपरीत दिशा से आ रहे एक हाइवा ट्रक के पिछले हिस्से से हल्का ठोकर लगा जिससे ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में शिवानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि एक बुजुर्ग सहित दो लोग घायल हुए. इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजा व दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए भीठरा के समीप मुख्य सड़क को जाम कर दिया. जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. काफी समझाने बड़ी मशक्कत के बाद परिजन व ग्रामीण शांत हुए. लगभग दो ढाई घंटे बाद जाम समाप्त हुआ. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद जहां हाइवा चालक वाहन सहित फरार हो गया वहीं चोटिल ऑटो चालक भी ऑटो छोड़कर फरार हो गया. मृतका शिवानी कुमारी का मायका खैरा थाना क्षेत्र के टिहिया गांव में था. अप्रैल 2025 में उसकी शादी लखीसराय के बड़हिया निवासी रामानंद सिंह से हुई थी. शादी के एक वर्ष भी पूरे नहीं हुए और परिवार की खुशियां छीन गयी. शिवानी कुमारी की नियुक्ति जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पनौत में हुई थी. बकाया वेतन के संबंध में वह सोमवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) जमुई को आवेदन देने पहुंची थीं. गुरुवार को उन्हें विद्यालय में उपस्थित होना था जिसके लिए वह अहले सुबह ही मायके से निकली थीं. उन्हें उसके भाई ने सोनो चौक पर झाझा की ओर जा रहे एक आटो में बैठाया था. झाझा से उसे आगे ट्रेन से बड़हिया स्थित अपने विद्यालय जाना था. इसी दौरान भीठरा स्कूल के पास यह हादसा हो गया. लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. मृतका के पर्स से आवेदन सहित उनका मोबाइल फोन मिला लेकिन वह लॉक था. पुलिस ने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में लगाकर परिजनों से संपर्क किया और घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. सबों का रो रोकर बुरा हाल था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




