नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी का आरोप, एसपी से लगायी गुहार
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 03 Apr 2026 9:20 PM
जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. खैरा थाना क्षेत्र के कोडवाडीह गांव निवासी मोहन तांती ने शुक्रवार को समाहरणालय पहुंचकर एसपी विश्वजीत दयाल को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है.
जमुई. जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. खैरा थाना क्षेत्र के कोडवाडीह गांव निवासी मोहन तांती ने शुक्रवार को समाहरणालय पहुंचकर एसपी विश्वजीत दयाल को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. पीड़ित मोहन तांती ने अपने आवेदन में बताया कि 5 अप्रैल 2025 को लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी निवास तांती उनके घर आया और पुलिस विभाग में अपनी पहुंच होने का दावा किया. उसने कहा कि वह कई लोगों की बहाली करवा चुका है और उनकी बेटी माधुरी कुमारी को भी 10 लाख रुपये में बिहार पुलिस में नौकरी दिला देगा. निवास ने भरोसा दिलाने के लिए अपनी पत्नी संगीता देवी, जो खुद पुलिस में कार्यरत बतायी गयी, को भी सामने लाकर विश्वास में लिया. पीड़ित के अनुसार, आरोपित के झांसे में आकर सबसे पहले 2 लाख रुपये नकद दिये गये. इसके बाद आरोपित के कहने पर अलग-अलग खातों में कुल 8 लाख 13 हजार रुपये ट्रांसफर किये गये. साथ ही, विपिन कुमार के खाते में 50 हजार रुपये भी भेजे गये, जो बाद में आरोपित तक पहुंचा दिया गया. मोहन तांती ने आरोप लगाया कि रुपये लेने के बाद आरोपित दंपती नौकरी दिलाने में टालमटोल करने लगे और बहाना बनाने लगे. कई बार संपर्क करने पर भी न तो नौकरी दिलायी और न ही पैसे लौटाए. उल्टा आरोपित ने साफ कह दिया कि जो करना है कर लो, पैसा नहीं लौटायेंगे. इस मामले में पीड़ित ने एसपी से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ठगी की राशि वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










