अड़सार गांव में हाथियों के झुंड ने खेतों में मचाया उत्पात, एक घायल

झारखंड राज्य के गिरिडीह से भटककर हाथियों का झुंड रविवार को टाउन थाना क्षेत्र के अड़सार और इकेरिया गांव पहुंच गया.
जमुई. झारखंड राज्य के गिरिडीह से भटककर हाथियों का झुंड रविवार को टाउन थाना क्षेत्र के अड़सार और इकेरिया गांव पहुंच गया. इस दौरान हाथियों के झुंड ने खेतों में लगी गेहूं की फसल को रौंद दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ. अचानक हाथियों के गांव के समीप पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. हाथियों के झुंड को देखकर कई ग्रामीण खेतों और घरों की ओर भागने लगे. इसी दौरान हाथियों को भगाने के प्रयास में एक व्यक्ति गिरकर घायल हो गया. बताया जा रहा है कि गिरने से उसका पैर टूट गया, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इधर, हाथियों के झुंड की सूचना मिलते ही एसडीओ सौरव कुमार वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने बताया कि हाथियों का यह झुंड झारखंड के गिरिडीह इलाके से भटककर जमुई पहुंचा है. झुंड में एक हाथी का बच्चा भी शामिल है, जो तेज गर्मी के कारण दिन के समय ज्यादा दूरी तय नहीं कर पाता है. वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इसके लिए आग का लुक्का जलाकर हाथियों को डराकर जंगल की दिशा में भगाने की रणनीति अपनायी जा रही है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों के लोगों से हाथियों के झुंड के पास नहीं जाने और भीड़ नहीं लगाने की अपील की है. सुरक्षा के मद्देनजर इकेरिया और अंडसार गांव में मजिस्ट्रेट के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है. अधिकारियों का मानना है कि रात होने के बाद हाथियों का झुंड उसी रास्ते से वापस झारखंड की ओर लौट सकता है, जिस रास्ते से वह जमुई जिले में प्रवेश किया है. वहीं स्थानीय ग्रामीणों में हाथियों के कारण दहशत का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




